Noida News: नोएडा प्राधिकरण ने ब्लू लाइन के सेक्टर- 52 और एक्वा लाइन के सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन के बीच स्काईवॉक प्रोजेक्ट पर काम करना शुरू कर दिया है। दोनों स्टेशनों के बीच स्काईवॉक बन जाने के बाद यहां से गुजरने वाले लाखों यात्रियों को सहूलियत मिलेगी। इस स्काईवॉक को बनाने के लिए प्राधिकरण ने एजेंसी का भी चयन कर लिया है। यह एजेंसी स्काईवॉक और स्वचलित रैंप (ट्रैवलेटर) के लिए, कंक्रीट और लोहे का स्ट्रक्चर तैयार करने का काम करेगी। आगे ट्रैवलेटर, एयर कंडीशन और बिजली से जुड़े काम दूसरी एजेंसी को दिया जाएगा।
नोएडा प्राधिकरण की ओर से सेक्टर-52 और सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन के बीच बनाया जाएगा स्काईवॉक (प्रतीकात्मक तस्वीर)
नोएडा प्राधिकरण की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, दोनों मेट्रो लाइन के बीच नोएडा अथॉरिटी एयर कंडीशनर स्काईवॉक बनाने का काम कर रही है। स्काईवॉक बनाने में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। इसमें सिविल के काम में करीब 11 करोड़ रुपए और विद्युत यांत्रिक के काम में 14 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। इस स्काईवॉक की लंबाई लगभग 480 मीटर होगी। इस पर लगने वाले ट्रैवलेटर की स्पीड 5 मीटर प्रति सेकंड तक रहेगी। यह स्काईवॉक पूरी तरह वाटरप्रूफ बनाया जाएगा।
