दिल्ली-एनसीआर जैसे शहरों में कैब परिवहन का एक प्रमुख साधन है। ज्यादातर मामलों में कैब ड्राइवर बहुत ही प्रोफेशनल होते हैं और वह अपनी सवारी को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचा देते हैं। इस दौरान उनका व्यवहार भी अपनी सवारी के प्रति अच्छा होता है। लेकिन कुछ कैब ड्राइवर सवारी से बदतमीजी करने से भी बाज नहीं आते। ऐसा ही हुआ नोएडा में, जहां एक कैब ड्राइवर ने कार में बैठी लड़कियों के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी की। उनमें से एक लड़की ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। यह वीडियो वायरल हो गया और पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार भी कर लिया है।
नोएडा में कैब ड्राइवर ने की लड़कियों से बदतमीजी
आरोप है कि ड्राइवर की ऑफिस जाने के लिए कैब बुक करने वाली लड़कियों से रास्ते में यू-टर्न को लेकर बहस हो गई। इससे ड्राइवर को गुस्सा आ गया और वह गालियां देने लगा। यही नहीं ड्राइवर ने लड़कियों को कैब से उतार भी दिया और कार की डिक्की से डंडा निकालकर लड़कियों को धमकाने लगा।
इस वीडियो को मंगलवार, 23 सितंबर को इंस्टाग्राम पर तशू गुप्ता नाम की यूजर ने शेयर किया है। वीडियो के साथ पोस्ट में लिखा है कि उन्होंने बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर 128 तक ऊबर कैब बुक की थी। बुकिंग में कार का नंबर UP 16 QT 4732 और ड्राइवर का नाम ब्रजेश था। तशू ने अपनी पोस्ट में लिखा कि वे पांच लड़कियां थीं और रास्ते में भारी ट्रैफिक के कारण उन्होंने ड्राइवर से कार अंडरपास से लेने को कहा, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुआ। यही नहीं गुस्से में उसने लड़कियों को गालियां देना शुरू कर दिया।
तशू ने अपने पोस्ट में लिखा कि ड्राइवर बदतमीजी पर उतर आया। उसने कहा, ‘चुपचाप से बैठी रह.’ फिर वह गाली देने लगा, तू कौन है मुझे बताने वाली? तेरी औकात क्या है? तेरे जैसी 10 रखी हैं मेरे पास काम लेने के लिए। मेरी 12-13 गाड़ियां चलती हैं.’ उसने हमें गालियां देना जारी रखा। जब मैं कार से बाहर निकल रही थी, तो उसने मुझे धक्का देते हुए कहा, ‘निकल यहां से और पैसे दे।’ हमने मना कर दिया। तब उसने कार पार्क की, बाहर निकला और कार की डिक्की से हमें मारने के लिए एक सफेद रॉड निकाली। जब हमने उसका वीडियो बनाना शुरू किया, तो भी वह गाली-गलौज कर रहा था और उसने फोन छीनने की भी कोशिश की।'
वीडियो वायरल होने के बाद घटना पर ऊबर की तरफ से भी प्रतिक्रिया आई है। कंपनी का कहना है कि ऐसा व्यवहार अस्वीकार्य है। हम आपकी सुरक्षा को सबसे ज्यादा प्राथमिकता देते हैं। कृपया अपनी कॉन्टैक्ट डिटेल्स डायरेक्ट मैसेज के जरिए शेयर करें, हमारी टीम जल्द आपसे संपर्क करेगी।
नोएडा पुलिस ने भी घटना का संज्ञान लिया और तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। एसीपी 1 नोएडा प्रवीण कुमार ने बताया की वीडियो संज्ञान में आते ही आरोपी कैब चालक की पहचान करके गिरफ्तार कर जेल भेज गया है। जरूरी कानूनी कार्रवाई जारी है।
