Delhi NCR Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। लोगों को उमस से राहत मिली है। गुरुवार को जैसे ही सुबह हुई ऐसा नहीं लग रहा था कि सुबह हो चुकी है। दिन में अंधेरा छाया हुआ था। थोड़ी देर बाद तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई।गुरुवार को दिल्ली-NCR में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना जताई गई थी। देश के बाकी हिस्सों की बात करें तो भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से उत्तर पश्चिम, मध्य और पश्चिम भारत के राज्यों में तीन दिनों तक भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। वहीं मौसम विभाग ने कहा है कि इन क्षेत्रों के राज्यों में अगर अब तक मानसून ने दस्तक नहीं दी है, तो अगले दो से तीन दिनों में यह प्रभावित कर सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कुछ इलाकों में मानसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
इन जगहों पर होगी जबरदस्त बारिश
दिल्ली एनसीआर से इतर बात करें तो उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा में अलगे तीन दिनों तक झमाझम बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, 29 जून को पूर्वी राजस्थान, उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा मध्य प्रदेश में भी अगले तीन दिनों तक तेज बारिश होगी।अगले 24 घंटों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, गुजरात के कुछ हिस्सों, कोंकण और गोवा और तटीय कर्नाटक में मध्यम से भारी बारिश संभव है।पूर्वोत्तर भारत, बिहार के पूर्वी हिस्सों, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, केरल, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। झारखंड, दक्षिणी छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मराठवाड़ा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और राजस्थान के शेष हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।दिल्ली और एनसीआर, रायलसीमा, तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश संभव है।
