Best Places to Visit in Noida: वर्तमान समय में धन की जरूरत किसे नहीं होती? सब लोग यही चाहते हैं कि उनके पास धन दौलत हो, घर में सुख-शांति हो ताकि उनका जीवन सुखमय बीत सके। इन कामनाओं को पूरा करने के लिए लोग भगवान कुबेर महाराज और माता लक्ष्मी की पूजा करते हैं। नोएडा में ऐसा मंदिर हैं जहां पर नए साल में दर्शन करने जाया जा सकता है। आज हम आपको बताने जा रहे हैं नोएडा के ऐसे ही एक देवस्थान के बारे में जहां खुद भगवान कुबेर ने घोर तपस्या की थी। आज भी श्रद्धालु यहां धन की प्राप्ति और घर में सुख-समृद्धि के लिए पूजा करने आते रहते हैं।
नोएडा में नए साल पर दर्शन करने के लिए बेस्ट है वोडा महादेव मंदिर
बता दें कि, नोएडा शहर के बीचों बीच सेक्टर-100 में वोडा महादेव मंदिर स्थित है। यहां पर भगवान शंकर के साथ माता काली, नवग्रह और हनुमान जी की भी पूजा की जाती है। बताया जाता है कि यह मंदिर द्वापर और त्रेता काल से ही यहां पर मौजूद है। इस मंदिर के निर्माण के बारे में लोग बताते हैं कि, माता मंसा के पुत्र भगवान वोडा ने इस मंदिर को बनवाया था। इसके बाद इस मंदिर का नाम वोडा महादेव मंदिर पड़ गया। मंदिर के पुजारी के अनुसार, यह मंदिर रावण के पिता विश्रवा की तपोस्थली भी थी। यहीं पर ऋषि विश्रवा के पुत्र कुबेर ने देवतत्व की प्राप्ति की थी।
यह है मंदिर में दर्शन करने का समय
जनश्रुति के आधार पर यहां के लोग बताते हैं कि धन और सुख-शांति की इच्छा रखने वाले लोगों की सभी मनोकामनाएं यहां पूर्ण होती हैं। मंदिर के पुजारी बताते हैं कि, यह मंदिर रोज सुबह 4 बजे से 12 बजे तक और फिर शाम को 3 बजे से शाम को 7 बजे तक दर्शन के लिए खोला जाता है। दोनों वक्त भव्य आरती कर विशेष प्रसाद बांटा जाता है। उत्तर मुखी वोडा महादेव मंदिर में बड़ी संख्या में कांवड़िए महादेव का जलाभिषेक करने के लिए आते हैं। पूरे श्रावण मास शिव भक्तों की इस मंदिर में भीड़ लगी रहती है। क्षेत्रीय निवासी बताते हैं की यहां जो भी भक्त सच्ची श्रद्धा से पूजा-अर्चना करता है उसकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण हो जाती हैं।
यहां पहुंचना है बहुत आसान
जानकारी के लिए बता दें कि, नोएडा के सेक्टर - 104 के सड़क किनारे यह मंदिर स्थित है। यहां से नजदीकी मेट्रो स्टेशन नोएडा सिटी सेंटर पड़ता है। वहां से ऑटो आपको मंदिर के पास छोड़ देगा। अगर आप निजी वाहन से यहां आते हैं तो आपको सड़क किनारे ही यह मंदिर दिख जाएगा। यहां के मंदिर के आस-पास की हरियाली आपको आकर्षित कर सकती है।
