Noida: नोएडा के सेक्टर-150 में एम्यूजमेंट पार्क बनेगा। इससे नोएडा के अलावा एनसीआर क्षेत्र के लोग भी लाभान्वित होंगे। यहां आकर लोग खेलकूद एवं मनोरंजन की गतिविधियों का लुत्फ उठा सकेंगे। नोएडा प्राधिकरण द्वारा यह पार्क विकसित किया जाना है। प्राधिकरण का प्लानिंग सेक्शन जल्द ही पार्क की डिजाइन तैयर कर लेगा। सर्किल 10 द्वारा इसका प्रस्ताव बनाया गया है। अब यह प्रस्ताव प्लानिंग विभाग को भेजा जा रहा है।
नोएडा के सेक्टर-150 में बनेगा एम्यूजमेंट पार्क
प्लानिंग विभाग में जमीन चिह्नित की जाएगी। फिर पार्क का डिजाइन तैयार किया जाना है। तब सलाहकार कंपनी गठित की जाएगी और आगे की कार्यवाही शुरू होगी। गौरतलब है कि प्लानिंग सेक्शन के मुताबिक, 35 एकड़ में पार्क बनाने की योजना है, जिस वजह से नोएडा के सेक्टर-150 को चुना गया है। यह जगह ग्रेटर नोएडा, ग्रेनो वेस्ट और नोएडा के करीब है। इस कारण यहां लोग आसानी से पहुंच सकेंगे।
पार्क में एंट्री का तय होगा शुल्क
इस पार्क में एंट्री लेने के लिए लोगों को तय शुल्क अदा करना होगा। हालांकि अभी इस पर चर्चा नहीं हुई है। यह तय किया गया है कि, पार्क में कमर्शियल एक्टिविटी के लिए भी जगह दी जाएगी, जिससे नोएडा प्राधिकरण की आय बढ़े। यह पूरा पार्क पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर बनाए जाने की उम्मीद है। इस सेक्टर में ही शहीद भगत सिंह पार्क बनाने की भी योजना है। इस पार्क के लिए भी प्लान बनाया जा रहा है। वैसे इसकी जमीन विवादित होने के कारण अभी योजना स्थिर पड़ी है। पहले यह पार्क नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन बना रहा था।
नोएडा में यहां भी बन रहे पार्क
नोएडा के महामाया के पास जू थीम पर पार्क बनाया जा रहा है। सेक्टर-78 में वेदवन पार्क बन रहा है। इसके निर्माण पर 27.40 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। सेक्टर-137 में डॉग पार्क बनाया जा रहा है। इसका निर्माण 2.27 करोड़ रुपए से हो रहा है।
इन वेट लैंड में भी घूम सकते हैं आप
नोएडा में घूमने के लिए कुछ वेट लैंड बनाए गए हैं। इनमें से एक सेक्टर-54 में है। यह 17 एकड़ में बना है। इसका निर्माण 4.86 करोड़ रुपए से किया गया है। सेक्टर-91 में 60 हजार वर्गमीटर में वेट लैंड बना है। इसे 5.12 करोड़ रुपए से बनाया गया है।
