Noida Skywalk: आखिरकार तैयार हुआ 460 मीटर लंबा एयर कंडीशंड स्काईवॉक, सेक्टर-51 से 52 मेट्रो स्टेशन तक अब आरामदायक होगा सफर

Noida Skywalk: नोएडा में सेक्टर-51 और सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशनों को जोड़ने वाला बहुप्रतीक्षित स्काईवॉक अब यात्रियों के स्वागत के लिए तैयार है। करीब 460 मीटर लंबे इस एसी स्काईवॉक से दोनों स्टेशनों के बीच आवाजाही पहले के मुकाबले कहीं आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।

Noida Skywalk: दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया गया नोएडा का लंबे समय से प्रतीक्षित स्काईवॉक अब पूरी तरह तैयार हो चुका है। यह स्काईवॉक सेक्टर-51 स्थित एक्वा लाइन मेट्रो स्टेशन को सेक्टर-52 के ब्लू लाइन मेट्रो स्टेशन से जोड़ेगा। इसके शुरू होने के बाद दोनों स्टेशनों के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, स्काईवॉक को जल्द ही आम यात्रियों के लिए खोलने की तैयारी चल रही है और अगले एक-दो दिनों में इसका संचालन शुरू किया जा सकता है। वहीं, इसके औपचारिक उद्घाटन के लिए 3 या 4 सितंबर की तारीख प्रस्तावित है, जिसे नोएडा विधायक पंकज सिंह द्वारा किए जाने की संभावना है।

क्या-क्या है सुविधा?

स्काईवॉक करीब 460 मीटर लंबा है और पूरी तरह एयर कंडीशनर से युक्त है। इसे दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट की तर्ज पर डिजाइन किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें करीब 50-50 मीटर की दूरी पर कुल 10 ट्रैवलेटर लगाए गए हैं। इनमें पांच ट्रैवलेटर एक दिशा में और पांच दूसरी दिशा में चलेंगे। इससे यात्रियों को पैदल चलने में कम मेहनत करनी पड़ेगी और सेक्टर-51 से सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के बीच आवाजाही आसान होगी।

End of Feed