जेवर एयरपोर्ट से आज किसानों ने स्पेशल फ्लाइट से भरी उड़ान, बोले- 'जमीन दी थी, अब विकास का सपना उड़ान भर रहा'

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली कमर्शियल फ्लाइट आज से शुरू हो गई है। इस मौके पर स्पेशल फ्लाइट से 170 किसानों ने लखनऊ के लिए उड़ान भरी। इस परियोजना के लिए अपनी जमीन देने वाले किसानों ने इस मौके पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने इस परियोजना को क्षेत्र के विकास और अपने योगदान की ऐतिहासिक पहचान बताया।

Noida Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून यानी आज से कमर्शियल उड़ान सेवाओं की औपचारिक शुरुआत हो गई है। इस ऐतिहासिक मौके को और स्पेशल बनाने के लिए एयरपोर्ट प्रोजेक्ट के लिए अपनी जमीन देने वाले लगभग 170 किसानों को पहली उड़ान का हिस्सा बनाया गया। इनमें 20 महिला किसान भी शामिल हैं। इस अवसर पर किसानों की खुशी साफ झलक रही है। उन्होंने इस खास पहल को सम्मान और विश्वास का प्रतीक बताया। कई किसानों ने इसे अपने जीवन का यादगार और गर्व का पल बताया। किसान स्पेशल उड़ान से आज लखनऊ पहुंचे, जहां उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात प्रस्तावित है।

Noida Airport passagers - ANI

किसान इब्राहिम ने कहा कि उनके गांव की जमीन और मकान एयरपोर्ट परियोजना में गए हैं, लेकिन उन्हें खुशी है कि यह परियोजना पूरे क्षेत्र और उत्तर प्रदेश के विकास का आधार बनेगी। उन्होंने कहा कि जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने वादा किया था कि एयरपोर्ट बनने के बाद पहली फ्लाइट किसानों की होगी और आज वह वादा पूरा होने जा रहा है।

End of Feed