Noida Crime: नोएडा में पुलिस के साथ ऐसा काम हुआ है, जिसे कांड नहीं महाकांड कहा जा सकता है। नोएडा में पुलिस के ऑन ड्यूटी कांस्टेबल की बाइक चोर ले उड़े। नोएडा पुलिस अपराध रोकने के जितने भी दावे कर ले, अपराधियों पर काबू की बातें कर लें, लेकिन सच्चाई उसी के विभाग में हुई घटना से सामने आ रही है।
नोएडा में कांस्टेबल की मोटरसाइकिल चोरी (AI Photo)
नोएडा में पुलिस वाले की ही बाइक चोरी
PTI के अनुसार नोएडा में ’डीएनडी’ मार्ग पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे एक पुलिस कांस्टेबल की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। जिस कांस्टेबल की बाइक नोएडा में चोरी हुई है, उनका नाम पवन कुमार है। पवन कुमार की शिकायत पर थाना फेज-एक में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जहां कर रहे थे ड्यूटी, वहीं से हुई चोरी
थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार शुक्ला ने शिकायत के हवाले से बताया कि पवन कुमार की शुक्रवार को डीएनडी टोल प्लाजा के पास यातायात व्यवस्था संभालने की ड्यूटी थी। उन्होंने डीएनडी पुल के पास अपनी मोटरसाइकिल खड़ी की और ड्यूटी पर तैनात हो गए। उन्होंने बताया कि इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी मोटरसाइकिल चोरी कर ली। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
अभी तक बाइक का पता नहीं
पुलिस मामले की जांच कर रही है। लेकिन अभी तक बाइक बरामद नहीं कर पाई है। किसने पुलिस वाले की बाइक चोरी की, कहां भागा? इसका पता नहीं चला है। चोर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
