महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें आरोपी ने अपने ही रिश्तेदार के घर से सोने के गहने चुराए और उनसे मिली रकम से महंगी गाड़ी खरीद ली। हैरानी की बात यह रही कि नई महिंद्रा थार की पूजा के लिए उसने चोरी के शिकार अपने चचेरे चाचा को भी आमंत्रित कर लिया। कोडोली पुलिस ने इस मामले में 19 वर्षीय युवक और चोरी के गहने खरीदने वाले सुनार को गिरफ्तार किया है।
चाचा के गहने चुराकर खरीदी थार। (फोटो- सोशल मीडिया)
यह मामला कोल्हापुर जिले की पन्हाला तहसील के सातवे गांव का है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान समर पोपट चव्हाण के रूप में हुई है, जबकि शिकायतकर्ता उसके चचेरे चाचा उमेश मारुती चव्हाण हैं। दोनों के घर गांव में आसपास ही हैं।
गहने चुराकर सुनार को 10 लाख रुपये में बेचे
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, करीब एक महीने पहले समर ने मौका देखकर अपने चाचा के घर से लगभग 15 तोले सोने के गहने चुरा लिए। इसके बाद उसने गांव के सुनार संग्राम बाबासो मोरे की मदद से इन गहनों को कथित तौर पर 10 लाख रुपये में बेच दिया। गहने बेचने से मिली रकम से समर ने नई महिंद्रा थार खरीद ली। अचानक महंगी गाड़ी खरीदने के बाद गांव में उसकी चर्चा होने लगी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि इस खरीदारी के पीछे चोरी के गहनों से मिली रकम हो सकती है।
थार की पूजा के लिए चाचा को ही दे दिया न्योता
मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब समर ने अपनी नई गाड़ी की पूजा रखी और उसमें शामिल होने के लिए अपने चाचा उमेश चव्हाण को भी बुलाया। पूजा में जाने की तैयारी के दौरान उमेश ने जब पहनने के लिए अपने सोने के गहने तलाशे, तो वे घर से गायब मिले।
परिवार ने जब गहनों की तलाश की, तो पता चला कि उमेश और उनकी पत्नी के जेवर नहीं थे, जबकि घर में रखे दादी के गहने सुरक्षित थे। इस बात ने परिवार का शक बढ़ा दिया। उन्हें आशंका हुई कि चोरी के पीछे किसी ऐसे व्यक्ति का हाथ हो सकता है, जिसे घर और वहां रखे सामान की जानकारी थी।
शिकायत के बाद पुलिस जांच में खुला मामला
गहने नहीं मिलने पर उमेश चव्हाण ने कोडोली पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई। इसी दौरान समर की अचानक महंगी गाड़ी खरीदने की बात पुलिस के संदेह के दायरे में आई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान समर ने चाचा के घर से गहने चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने कथित चोरी में शामिल समर चव्हाण और गहने खरीदने वाले सुनार संग्राम मोरे को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस मामले में कार्रवाई प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक श्रीकांत ठिकणे के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस हवलदार युवराज पाटील और बाबासो कीटे के साथ पुलिसकर्मी महेश कदम, अमोल चव्हाण और महेश शिंदे की टीम ने जांच और गिरफ्तारी की कार्रवाई में हिस्सा लिया। अपने ही रिश्तेदार के घर से गहने चुराने और फिर उन्हीं को नई गाड़ी की पूजा में बुलाने की इस घटना की सातवे गांव में चर्चा हो रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
