Gujrat Crime News: गुजरात के नवसारी में एक पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जहां एक 23 वर्षीय युवक की उसके पिता ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात यहीं नहीं रुकी, आरोपी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और ससुर पर भी चाकू से वार किया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
पारिवारिक झगड़े में 23 वर्षीय युवक की मौत, पिता आरोपी
पीड़ित की मां 45 वर्षीय भारती पटेल की शिकायत के अनुसार, उसके पति निलेश पटेल ने रात करीब 11 बजे उन्हें अपने चिकन सेंटर पर बुलाया था। लेकिन उनका पोता साथ में सो रहा था, इसलिए भारती ने जाने से इनकार कर दिया। आरोपी इस बात से नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा। उसने कथित तौर पर कहा कि बच्चे को उसके माता-पिता को दे दो और वह उन्हें लेने आ रहा है।
पारिवारिक झगड़े में 23 वर्षीय युवक की मौत
शिकायत के मुताबिक, निलेश करीब 11:30 बजे घर पहुंचा और भारती से विवाद करने लगा। इसी दौरान उनका बेटा सूरज बीच-बचाव करने लगा, उसने अपने पिता को मां से झगड़ा न करने के लिए समझाया। लेकिन निलेश ने सूरज को गले से पकड़ लिया और धक्का देते हुए कमरे की ओर ले गया। आरोप है कि निलेश ने सूरज की छाती के निचले हिस्से में चाकू से हमला कर दिया। परिवार के लोगों ने बीच-बचाव कर निलेश को घर से बाहर कर दिया। लेकिन सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया, वह छाती पर हाथ रखकर घर से बाहर आया और खून बहने के कारण जमीन पर गिर पड़ा।
बेटे को बचाने आई मां पर भी चाकू से हमला
आरोप है कि जब भारती अपने घायल बेटे के पास जा रही थीं, तभी निलेश ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। खुद को बचाने के दौरान भारती को दोनों हाथों की कोहनियों और पेट के दोनों तरफ चोटें आईं। उन्हें बचाने के लिए बीच में आए उनके ससुर को भी हाथ में चाकू लगने से चोट आई। सूरज को 108 एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। भारती और उनके ससुर को आगे के उपचार के लिए चिखली सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
आरोपी का पत्नी से कई सालों से चल रहा था विवाद
शिकायत में भारती ने यह भी आरोप लगाया है कि उनकी और निलेश की शादी 2002 में हुई थी। उनके बीच पिछले कई सालों से विवाद चल रहा था। करीब 13 साल पहले निलेश कथित तौर पर एक अन्य महिला को अपने घर ले आया था, जिसके बाद भारती अपने मायके चली गई थीं। इस दौरान उन्होंने भरण-पोषण का मामला भी दर्ज कराया था। बाद में दोनों के बीच समझौता हुआ, लेकिन निलेश अलग रह रहा था। भारती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पूरे मामले की जांच जारी है।
