Lucknow News UP Politics: उत्तर प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव को लेकर अभी कोई घोषणा भले नहीं हुई है, लेकिन सभी पार्टियां अभी से चुनावी मूड में नजर आ रही हैं। राज्य के अलग-अलग समाजों को अपनी ओर करने के लिए पार्टियां जमकर मेहनत भी कर रही हैं। इस बीच दलित वोट और जातीय प्रतिनिधित्व को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेता और यूपी सरकार में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि टी-शर्ट या शर्ट का रंग बदलने से दलित समाज का समर्थन हासिल नहीं किया जा सकता। वहीं, मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि दलितों का वोट बैंक मायावती के पास है और अखिलेश यादव पहले मुस्लिमों के नेता बनें।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव
'नीली शर्ट करने से पहले पुरानी बातें याद कर लें'
नरेंद्र कश्यप ने कहा कि अखिलेश यादव को शर्ट नीली करने से पहले उन घटनाओं को याद कर लेना चाहिए, जिन्हें दलित समाज भूला नहीं है। उन्होंने मायावती पर कथित कातिलाना हमले और बसपा विधायकों के अपहरण का जिक्र करते हुए कहा कि दलित समाज इन घटनाओं को भूला नहीं है। कश्यप ने कहा कि जो लोग आज अखिलेश यादव के साथ आ रहे हैं, उन्हें भी इन घटनाओं को ध्यान में रखना चाहिए।
नरेंद्र कश्यप ने जातीय आधार पर मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर समाज को अपने प्रतिनिधित्व की मांग करने का अधिकार है, लेकिन मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला संसदीय बोर्ड और निर्वाचित जनप्रतिनिधि करते हैं।
शर्ट नीली कर लें या टोपी, कुछ नहीं होगा - राजभर
ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव की रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह शर्ट नीली कर लें या टोपी पहन लें, इससे कुछ बदलने वाला नहीं है। राजभर के मुताबिक दलितों का वोट बैंक मायावती के पास है। उन्होंने अखिलेश यादव को सलाह दी कि उन्हें पहले मुस्लिम समाज के नेता के तौर पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
कुर्मी समाज से मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग पर राजभर ने कहा कि पहले समाज को चुनावी राजनीति में संगठित होना होगा। उन्होंने कहा कि अलग-अलग पार्टियों में बंटे रहने के बाद मुख्यमंत्री पद की मांग करना संभव नहीं है। उनके मुताबिक कुर्मी समाज के लोग सपा, बसपा, कांग्रेस और बीजेपी सहित अलग-अलग दलों में बंटे हुए हैं।
तौकीर रजा पर बरसे दोनों नेता
तौकीर रजा को लेकर मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि यूपी में उनकी जैसी सोच वाले लोगों की जरूरत नहीं है। उन्होंने अदालत की ओर से जमानत खारिज किए जाने के दौरान की गई टिप्पणी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे लोग समाज को तोड़ने का काम करते हैं।
वहीं, ओपी राजभर ने आरोप लगाया कि तौकीर रजा जैसे लोग दंगा कराना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार है और इस तरह की कोशिशें कामयाब नहीं होंगी।
