Muzaffarpur Liquor Smuggling News: मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर सिलीगुड़ी से मुजफ्फरपुर आ रही एक यात्री बस की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है। मौके से शराब कारोबारी के साथ बस के चालक और उपचालक को भी गिरफ्तार किया गया है। तीनों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यात्री बस से शराब की तस्करी (फोटो साभार- TNN)
सिलीगुड़ी से मुजफ्फरपुर आ रही थी बस
उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि सिलीगुड़ी से मुजफ्फरपुर की ओर आ रही एक यात्री बस में विदेशी शराब की बड़ी खेप छिपाकर लाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार ने उत्पाद सहायक अवर निरीक्षक दिलीप पासवान के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया। इसके बाद टीम ने गायघाट थाना क्षेत्र स्थित उत्पाद विभाग के चेकपोस्ट पर निगरानी तेज कर दी। जैसे ही संदिग्ध यात्री बस चेकपोस्ट पर पहुंची, टीम ने उसे रोककर तलाशी शुरू कर दी। तलाशी के दौरान बस की डिक्की में रखी विदेशी शराब की खेप बरामद हुई। इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम ने मौके पर मौजूद एक कथित शराब कारोबारी, बस चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर लिया।
तस्करी के नेटवर्क की हो रही जांच
हालांकि, बरामद शराब की कुल मात्रा, ब्रांड और कीमत के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। उत्पाद विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि शराब कहां से लाई गई थी, इसे मुजफ्फरपुर में किसे पहुंचाना था और इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। मामले में उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर गायघाट थाना क्षेत्र में यात्री बस की तलाशी ली गई थी। इस दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान एक शराब तस्कर के साथ बस के चालक और उपचालक को गिरफ्तार किया गया है। सभी से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- नजफगढ़ फायरिंग केस में क्राइम ब्रांच का बड़ा खुलासा, 6 गिरफ्तारी के बाद जांच के दायरे में विदेश में बैठा अपराधी
शराब तस्करी का नया तरीका
फिलहाल उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। विभाग का मानना है कि यात्री बसों के जरिए शराब तस्करी का यह नया तरीका अपनाया जा रहा है। इससे पहले भी कई बार बसों से शराब बरामद की जा चुकी है। उत्पाद विभाग की टीम अब इस रूट पर चलने वाली अन्य बसों पर भी नजर रख रही है।
