Powai hostage case : पवई के एक स्टूडियो में 17 बच्चों सहित 19 लोगों को बंधक बनाने वाले आरोपी की मौत हो गई है। सभी बच्चे सुरक्षित हैं और उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी के चंगुल से इन बच्चों को छुड़ाने का अभियान फिल्मी ड्रामे से कम नहीं था। दरअसल, आरोपी ने एक वेब सीरीज की शूटिंग के लिए राज्य के अलग-अलग इलाकों से 17 बच्चों को ऑडिशन के लिए पवई स्थित आरए स्टूडियो में बुलाया था। बताया जा रहा है कि स्टूडियो में पिछले छह दिनों से ऑडिशन का काम चल रहा था। गुरुवार को ऑडिशन का सातवां दिन था। आज दोपहर बच्चे लंच के लिए बाहर नहीं आए, तो अभिभावक चिंतित हो गए। इसके बाद आरोपी का वीडियो सामने आया जिसमें उसने बच्चों को बंधक बनाने की बात कही। वीडियो सामने आते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मुंबई के एक स्टूडियो में बच्चों को बंधक बनाया। तस्वीर-टाइम्स नाउ नवभारत
कौन है रोहित आर्या?
आरोपी की पहचान रोहित आर्या के रूप में हुई है। सूत्रों के मुताबिक रोहित आर्या पुणे का रहने वाला है। आर्या को एक स्कूल के काम का सरकारी टेंडर मिला हुआ था। रोहित का कहना है कि उसे अपने द्वारा किये गए काम के पैसे नही मिले। अपने बकाया पैसे के लिए उसने कई बार आंदोलन भी किया। रोहित का कहना है कि उसका 2 करोड़ रुपया बकाया है।
आरोपी ने अस्पताल में दम तोड़ा
इस पूरे मामले पर मुंबई पुलिस ने कहा कि दोपहर करीब 1:30 बजे पवई पुलिस स्टेशन को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने महावीर क्लासिक बिल्डिंग, पवई में 17 बच्चों को बंधक बना लिया है। मुंबई पुलिस की टीम ने बचाव अभियान चलाया और सभी बच्चों को सुरक्षित मुक्त करा लिया। बच्चों को बचाते समय वह व्यक्ति घायल हो गया, उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया और बाद में उसे मृत घोषित कर दिया गया। रिपोर्टों के मुताबिक आरोपी रोहित आर्या ने पुलिस पर फायरिंग की, इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में एक राउंड फायर किया। इस गोलीबारी में आरोपी रोहित आर्या घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौके पर कुछ केमिकल और एयर गन मिला-पुलिस
आरोपी ने बंधक बनाए गए बच्चों को वेब सीरीज के ऑडिशन के लिए बुलाया था। बंधकों में 17 बच्चे, 1 सीनियर सिटीजन और 1 सिविलियन शामिल थे। पुलिस ने पहले आरोपी से बातचीत कि कोशिश की जब बात नहीं बनी तो पुलिस बल का प्रयोग करते हुए स्टूडियो में दाखिल हुई। ऑपरेशन के दौरान मौके पर क्यूआरटी और स्पेशल फोर्स मौजूद थी। मुंबई पुलिस का कहना है कि मौके पर कुछ केमिकल और एयर गन मिला।
महाराष्ट्र के मंत्री दीपक केसरकर का बयान
मंत्री ने कहा शिक्षा विभाग के मुताबिक रोहित आर्या ने सरकार की योजना 'मेरा स्कूल स्वच्छ स्कूल' के तहत कुछ स्कूलों से संपर्क किया और कुछ पैसे लिए। अगर भुगतान का मामला था तो संबंधित विभाग से बात करनी चाहिए थी और समस्या का हल निकालना चाहिए था क्योंकि सरकारी काम का एक प्रक्रिया होती है। सरकार उसी हिसाब से काम करती है।
'...तो वह सब कुछ में आग लगा देगा'
मुंबई पुलिस ने कहा, 'रोहित आर्या नाम के एक व्यक्ति ने मुंबई के पवई इलाके में कुछ बच्चों को बंधक बना लिया है। उसने एक वीडियो जारी कर कथित तौर पर कहा है कि वह कुछ लोगों से बात करना चाहता है और अगर उसे ऐसा करने नहीं दिया गया, तो वह सब कुछ आग लगा देगा और खुद को और बच्चों को नुकसान पहुंचाएगा। वह व्यक्ति मानसिक रूप से अस्थिर लग रहा है और पुलिस मामले को संभालने की कोशिश कर रही है।'
