Thane News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में हत्या के एक पुराने मामले में पुलिस ने 13 साल से फरार आरोपी को आखिरकार बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। मीरा-भायंदर वसई-विरार पुलिस की अपराध शाखा ने इस बड़ी कामयाबी की पुष्टि की है।
13 साल बाद बिहार से पकड़ा गया हत्या का आरोपी (सांकेतिक तस्वीर|Canva)
2012 में हु़ई हत्या का है आरोपी
समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, 6 अगस्त 2012 को ठाणे के भायंदर स्थित काशीबाई औद्योगिक क्षेत्र की एक दुकान में विनोद गुप्ता (21) की हत्या कर दी गई थी। इस वारदात का आरोपी बंगाली उर्फ महानंद सुरजीकांत मिस्त्री (39) उसी दुकान में विनोद के साथ रहकर काम करता था। घटना वाले दिन दोनों के बीच खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद मिस्त्री ने गुस्से में चाकू से विनोद पर हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद नवघर थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया और तलाश शरू की गई।
लगातार बदलता रहा ठिकाने
भाषा के मुताबिक हत्या के बाद मिस्त्री फरार हो गया और दिल्ली, पटना, बिहार के अलग-अलग इलाकों में छिपता रहा। पुलिस के अनुसार, वह अपनी पहचान छिपाकर रहता था और किसी भी परिचित से संपर्क नहीं करता था ताकि उसकी जानकारी पुलिस तक न पहुंचे। मिस्त्री कई बार नेपाल भी गया।
पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना
हाल ही में पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज के कामता कॉलोनी में छिपा है। इसके बाद पुलिस की एक टीम बिहार भेजी गई। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रमोद बड़ाख ने बताया कि आरोपी को नरकटियागंज बस अड्डे पर दबोच लिया गया। पूछताछ में मिस्त्री ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी को आगे की जांच के लिए नवघर पुलिस को सौंप दिया गया है।
