मुंब्रा हादसे के बाद भड़का आंदोलन; रेलवे कर्मचारियों के विरोध से थमी लोकल ट्रेनें, यात्री हुए बेहाल

मुंब्रा हादसे के विरोध में रेलवे कर्मचारियों ने अचानक आंदोलन शुरू कर दिया, जिससे लोकल ट्रेन सेवाएं पूरी तरह ठप हो गईं। हजारों यात्री स्टेशन पर फंसे हुए हैं और मध्य व हार्बर मार्ग की कई ट्रेनें सीएसएमटी पर खड़ी हैं। यूनियन और रेलवे प्रशासन के बीच बातचीत जारी है, लेकिन फिलहाल यात्रियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है।

Mumbai News: मुंब्रा हादसे के विरोध में रेलवे कर्मचारियों का आंदोलन शुरू हो गया है, जिसके चलते लोकल ट्रेन सेवाएं ठप हो गई हैं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, मुंब्रा में हुए हादसे के बाद लोहमार्ग पुलिस ने दो रेलवे अभियंताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसी कार्रवाई के विरोध में नेशनल रेलवे यूनियन ऑफ मेकॅनिक्स (NRUM) ने आज शाम विरोध मार्च निकाला। विरोध के दौरान कर्मचारियों ने लोकल ट्रेनें रोक दीं और आंदोलन में मोटरमैन भी शामिल हो गए।

इस अचानक शुरू हुए आंदोलन की वजह से मध्य और हार्बर मार्ग की कई लोकल ट्रेनें सीएसएमटी स्टेशन पर खड़ी हैं, जिससे दैनिक यात्रियों को घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है। रेलवे प्रशासन और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच बातचीत जारी है ताकि जल्द से जल्द सेवाएं फिर से शुरू की जा सकें। यात्रियों का कहना है कि जब भी रेलवे कर्मचारियों पर कार्रवाई होती है, यूनियन विरोध प्रदर्शन कर आम जनता को असुविधा में डाल देती है। इस बार भी दो अभियंताओं के खिलाफ केस दर्ज होने पर कर्मचारियों ने अचानक लोकल बंद कर दी, जिससे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं। वहीं यूनियन का तर्क है कि रेलवे कर्मचारियों पर किसी भी तरह के आपराधिक मामले दर्ज नहीं किए जाने चाहिए।

End of Feed