मुंबई : मुंबई में सेंट्रल रेलवे की मुख्य लाइन पर ठाणे और मुलुंड के बीच एक नए उपनगरीय रेलवे स्टेशन (लोकल) के निर्माण को सैद्धांतिक मंजूरी मिली है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (Ashwini Vaishnaw) ने शुक्रवार को मुख्य मंत्री देवेंद्र फडडनवीस (Devendra Fadnavis) को भेजे पत्र में कहा कि यह परियोजना ठाणे और मुलुंड के बीच उपनगरीय रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मंजूर की गई है।
ठाणे-मुलुंड के बीच बनेगा नया रेलवे स्टेशन (फोटो-Istock)
पत्र में वैष्णव ने लिखा कि ठाणे और मुलुंड के बीच नए उपनगरीय रेलवे स्टेशन के निर्माण को लेकर हुई हमारी चर्चा के संदर्भ में आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि इस परियोजना को सैद्धांतिक रूप से मंजूरी प्रदान कर दी गई है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस मंजूरी के लिए प्रधानमंत्री और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। फडणवीस ने एक्स पर लिखा, “मुंबई महानगर क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था को नई गति मिली है। ठाणे-मुलुंड के बीच नए उपनगरीय रेलवे स्टेशन के निर्माण को सैद्धांतिक मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव जी का हार्दिक धन्यवाद। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से मुंबई महानगर क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था अधिक सक्षम और गतिशील बनेगी।
दिल्ली और फरीदाबाद के लिए मेमू ट्रेन की सौगात
इससे पहले, Rekha Gupta के अनुरोध पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली और फरीदाबाद के बीच नई मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (MEMU) रेल सेवा चलाने को भी मंजूरी दी थी। इस फैसले का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री का धन्यवाद किया और कहा कि नई सेवा से दिल्ली और फरीदाबाद के बीच रोजाना यात्रा करने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग रोजाना काम, शिक्षा, व्यापार और अन्य जरूरतों के लिए दिल्ली आते-जाते हैं। मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (MEMU) भारतीय रेलवे द्वारा संचालित एक आधुनिक इलेक्ट्रिक यात्री ट्रेन सेवा है, जिसका उपयोग मुख्य रेल मार्गों पर कम और मध्यम दूरी की यात्रा के लिए किया जाता है।
