Mumbai News: एयर इंडिया एक्सप्रेस की मस्कट से मुंबई आ रही उड़ान में गुरुवार को एक बच्चे की पहली किलकारी गूंजी। दरअसल थाईलैंड की एक गर्भवती महिला ने उड़ान के दौरान ही एक बच्चे को जन्म दिया। विमान के चालक दल के सद्सयों और एक यात्री नर्स ने मिलकर महिला की प्रसव में मदद की। मुंबई में फ्लाइट की लैंडिंग के बाद मां और नवजात बच्चे को अस्पताल पहुंचाया गया।
सांकेतिक फोटो (PC-istock)
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार एयरलाइन ने एक बयान में कहा, ‘‘जिस क्षण थाई नागरिक को प्रसव पीड़ा शुरू हुई, चालक दल ने तुरंत कदम उठाया। जन्म के लिए एक सुरक्षित और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के लिए अपने कठोर प्रशिक्षण के दौरान बतायी गयी बातों का इस्तेमाल किया। पायलटों ने तुरंत विमान यातायात नियंत्रण कक्ष को सूचित किया और मुंबई में प्राथमिकता के आधार पर उड़ान को उतरने देने का अनुरोध किया, जहां मेडिकल टीम और एक एम्बुलेंस आगमन पर तैयार थे।’’
मुंबई में लैंडिंग के बाद मां-बच्चा पहुंचे अस्पताल
एयरलाइन ने कहा, ‘‘मुंबई हवाई अड्डे पर उतरने के बाद, मां और बच्चे को देखभाल के लिए तुरंत पास के एक अस्पताल में ले जाया गया। साथ ही निरंतर सहायता प्रदान करने के लिए एक महिला एयरलाइन स्टाफ सदस्य भी मौजूद थी।’’ विमान में यात्रियों की संख्या के बारे में तत्काल जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी।
(इनपुट-भाषा)
