Navi Mumbai: देश में सोमवार को नागरिकता संशोधन कानून (CAA) लागू हुआ है। इसके अगले दिन ही नवी मुंबई से बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस ने यहां से 8 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। ये लोग अवैध रूप से नवी मुंबई में रह रहे थे। पुलिस ने छापेमारी के बाद इन्हें गिरफ्तार किया है। इन्हें अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में अरेस्ट किया गया है।
नवी मुंबई से 8 बांग्लादेशी अरेस्ट (सांकेतिक फोटो)
गुप्त सूचना के आधार पर की कार्रवाई
पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की है। नवी मुंबई पुलिस की मानव तस्करी विरोधी इकाई ने सोमवार सुबह बेलापुर इलाके के शाहबाज गांव में एक फ्लैट पर छापेमारी की। एनआरआई सागरी पुलिस थाने के अधिकारी ने कहा कि छापेमारी के दौरान उन्हें फ्लैट में बांग्लादेश की पांच महिलाएं और तीन पुरुष मिले। इन सभी की उम्र 20 से 40 वर्ष के बीच है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
उन्होंने बताया कि ये बंग्लादेशी नागरिक पिछले चार साल से बिना किसी वैध दस्तावेज के अवैध रूप से वहां रह रहे थे। पुलिस ने कहा कि आठों को गिरफ्तार कर लिया गया और उनके खिलाफ पासपोर्ट अधिनियम और विदेशी अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया।
