Nanded to Mumbai Vande Bharat Express: नांदेड़ सिखों का प्रमुख धार्मिक स्थल है। हजूर साहिब नांदेड़ से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) के बीच वंदे भारत ट्रेन के चलने का इंतजार काफी समय से था। आखिरकार आज यानी मंगलवार 26 अगस्त को यह इंतजार खत्म हो गया। जी हां, आज नांदेड़ और मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस से जुड़ गए हैं। बता दें कि हजूर साहिब नांदेड़-सीएसएमटी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पहले से चल रही 20706/20705 सीएसएमटी-जालना-सीएसएमटी वंदे भारत एक्सप्रेस का ही एक्टेंशन है। इस सेमी हाई स्पीड़ वंदे भारत ट्रेन सेवा का संचालन सेंट्रल रेलवे कर रहा है।
नांदेड़-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत (फोटो - PTI)
नांदेड़-मुंबई वंदे भारत की कुल दूरी
हजूर साहिब नांदेड़-सीएसएमटी मुंबई वंदे भारत ट्रेन अपने पूरे सफर के दौरान कुल 610 किमी का सफर तय करेगी। इस सफर को पूरा करने में ट्रेन को करीब 9.25 घंटे का समय लगेगा। बता दें कि इस वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से पहले मुंबई और नांदेड़ के बीच सबसे तेज रफ्तार ट्रेन देवगिरी एक्सप्रेस थी, जो इस सफर में 11.20 घंटे का समय लेती है। इस तरह से CSMT-Nanded-CSMT वंदे भारत का सफर आपके 2 बहुमूल्य घंटे बचाएगा।
नांदेड़-मुंबई रूट पर पहली वंदे भारत एक्सप्रेस
ट्रेन नंबर 20705 नांदेड़-सीएसएमटी वंदे भारत स्पेशल आज यानी मंगलवार 26 अगस्त को पहली बार सुबह 11.20 बजे नांदेड़ से रवाना हुई। यह ट्रेन रात को 9.55 बजे सीएसएमटी मुंबई पहुंचेगी।
हजूर साहिब नांदेड़-मुंबई वंदे भारत के स्टॉपेज
नांदेड़ और मुंबई के बीच चलने वाली यह वंदे भारत ट्रेन कुल 610 किमी के सफर में कई शहरों के स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें प्रमुख हैं परभनी, जालना, औरंगाबाद, मनमाड़, नासिक रोड, कल्याण, ठाणे और दादर।
नांदेड़-मुंबई वंदे भारत में कितनी सीटें हैं?
हजूर साहिब नांदेड़-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में कुल 20 कोच हैं। एक्सप्रेस ट्रेन में दो तरह की बैठने की व्यवस्था है, जिसमें एग्जक्यूटिव चेयर और एसी चेयर कार हैं। दोनों तरह के कोचों को मिलाकर इस ट्रेन में एक बार में कुल 1440 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है।
नांदेड़-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस की टाइमिंग
हजूर साहिब नांदेड़ से सीएसएमटी मुंबई के बीच चलने वाली 20705 वंदे भारत एक्सप्रेस 26 अगस्त को पहली बार सुबह 11.20 बजे नांदेड़ से चली। हालांकि, इसका नियमित समय हजूर साहिब नांदेड़ से सुबह 5 बजे चलने का है और दोपहर 2.25 बजे यह सीएसएमटी मुंबई पहुंच जाएगी। बुधवार को नांदेड़ से मुंबई के लिए यह ट्रेन उपलब्ध नहीं रहेगी। इसी तरह सीएसएमटी मुंबई से 20706 वंदे भारत एक्सप्रेस दोपहर 1.10 बजे चलकर रात 10.50 बजे हजूर साहिब नांदेड़ पहुंचेगी। ध्यान रहे कि गुरुवार के दिन मुंबई से नांदेड़ के बीच इस ट्रेन की सेवाएं नहीं मिलेंगी।
हजूर साहिब नांदेड़-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का किराया
नांदेड़ से मुंबई के बीच 610 किमी लंबे इस सफर के लिए आपको एसी चेयर कार में 1610 रुपये का किराया चुकाना होगा। जबकि एग्जक्यूटिव चेयर कार का किराया 2930 रुपये रखा गया है।
