Mumbai Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में सोमवार को अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिला है। सोमवार को मुंबई में इस साल की पहली बारिश हुई। जिसे इस सीजन की पहली बारिश भी माना जा रहा है। मुंबई में सोमवार को पहले धूल भरी आंधी चली। जिसके बाद बारिश ने दस्तक दी। इस संबंध में मौसम विभाग की ओर से मुंबई में भारी बारिश, तूफान और शुष्क, तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार आज भी मुंबई में ऐसा ही मौसम देखने को मिल सकता है। वहीं आंधी और बारिश के कारण सोमवार को मुंबई के कई इलाकों में लोग हादसे का भी शिकार हुए हैं।
मुंबई में सोमवार को आई धूल भरी आंधी
आज कैसा रहेगा मुंबई का मौसम
मुंबई में बीते दिनों से काफी गर्मी पड़ रही थी। तेज गर्मी के चलते यहां का तापमान भी 35 डिग्री के आसपास पहुंच गया था। जिसके बाद सोमवार को बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को बारिश से पहले मुंबई का पारा 33 से 34 डिग्री के बीच था। जिसके बाद तापमान में हल्की कमी देखने को मिली है। मुंबई में आज आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। आज यहां का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री तक रह सकता है। कल भी यहां का मौसम ऐसा ही रहेगा। जिसके बाद गुरुवार से लेकर इस पूरे हफ्ते आसमान साफ रहने के आसार हैं। इस दौरान मुंबई का अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री तक रह सकता है।
आंधी-बारिश के कारण हुए हादसे
मुंबई में सोमवार को आई आंधी और बारिश के कारण कई इलाकों में लोग हादसों का शिकार हुए हैं। सोमवार को घाटकोपर इलाके में धूल भरी आंधी और बारिश के दौरा एक पेट्रोल पंप पर लगा अवैध होर्डिंग गिर गया। जिससे 14 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए हैं। वहीं वडाला इलाके में भी निर्माणाधीन मेटल पार्किंग टावर तेज हवाओं के कारण सड़क पर गिर गया।
हवाई और रेल यातायात हुआ प्रभावित
सोमवार को बिगड़े मौसम के कारण करीब एक घंटे तक विमानों का परिचालन बाधित रहा। मुंबई एयरपोर्ट संचालक ने कहा कि कम से कम 15 फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया। मेट्रो रेल के एक प्रवक्ता के अनुसार तेज हवाओं के कारण बिजली के तार पर एक बैनर गिर गया, जिसके बाद आरे और अंधेरी ईस्ट मेट्रो स्टेशन के बीच मेट्रो सेवाएं निलंबित की गई। वहीं ठाणे और मुलुंड स्टेशन के बीच तेज हवाओं के कारण एक खंभा झुक गया। जिसकी वजह से मध्य रेलवे की उपनगरीय सेवाएं भी प्रभावित हुई।
