Mumbai News: मुंबई में बोरिवली की रेलवे पुलिस ने चोरी का एक अनोखा मामला सुलझा दिया है। एक लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड को खुश करने के लिए और शादी के प्रस्ताव के दौरान तोहफा देने के लिए यह चोरी की थी। बता दें कि, रेलवे पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया। जीआरपी वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल कदम ने बताया है कि, मुंबई की रेलवे पुलिस ने 35 साल की महिला को गिरफ्तार किया है।
मुंबई की रेलवे पुलिस ने बॉयफ्रेंड के लिए चोरी करने वाली लड़की को किया गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)
जीआरपी वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल कदम ने बताया कि, महिला अपने बॉयफ्रेंड से शादी करना चाहती थी। उसने गोवा में बॉयफ्रेंड को इसको लेकर प्रस्ताव भी दिया था। महिला ने उसे खुश करने के लिए एक महंगा डीएसएलआर कैमरा गिफ्ट में दिया था।
ये था पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, जीआरपी वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल कदम ने बताया है कि, महिला अपने बॉयफ्रेंड के साथ गोवा में शादी कर बिजनेस का प्लान बना रही थी। शादी से पहले ही मुंबई की रेलवे पुलिस ने गोवा से उसे दबोच लिया। महिला ने पूर्व में भी कई ठगी और चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। लेकिन इस बार आरोपी महिला के लिए एक धोखाधड़ी करना काफी महंगा पड़ गया। जीआरपी ने महिला को गोवा के एक होटल से गिरफ्तार किया है।
नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का था प्रकरण
रेलवे पुलिस की ओर से जानकारी दी गई है कि, आरोपी महिला ने साल 2022 में नौकरी की तलाश में भटक रही एक महिला को ठग लिया था। महिला ने महिला को मालाड रेलवे स्टेशन मिलने के लिए बुलाया था। उसने महिला से कहा कि, वह उसे काम दिला सकती है, लेकिन उसके पहले एक कैमरे की आवश्यकता होगी। महिला नौकरी पाने के लिए एक महंगी कंपनी का कैमेरा लेकर आई, जिसकी कीमत करीब 1.5 लाख रुपये थी। महिला ने आरोपी महिला को कैमरा दे दिया जिसके बाद आरोपी महिला लापता हो गई। पीड़िता ने इसकी शिकायत बोरिवली जीआरपी से की थी। बता दें कि, आरोपी महिला पर महाराष्ट्र के अलग-अलग पुलिस स्टेशन में दर्जनों केस पहले से दर्ज हैं।
