Mumbai Crime News : क्या आप भी जमीन खरीदने या प्रॉपर्टी में निवेश करने का मन बना रहे हैं तो जरा ठहरिए ! ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि जमीन से जुड़े लेन-देन प्राय: किसी न किसी दलाल के माध्यम से ही होता है। आजकल ज्यादा मुनाफा कमाने के लालच में कई दलाल सुनियोजित तरीके से ग्राहकों को कंगाल करने का काम भी कर रहे हैं। दरअसल, ऐसी ही ठगी का एक मामला सामने आया है मुंबई से। यहां पर दवा दुकान के मालिक ने डेयरी प्रोडक्ट्स के कारोबारी पिता-पुत्र और दलाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, संपत्ति के एक सौदे के सिलसिले में उनसे कथित तौर पर 2.2 करोड़ रुपये की ठगी करने की बात भी कही है।
धोखाधड़ी के आरोपी गिरफ्तार। (प्रतीकात्मक फोटो)
क्या है पूरा मामला
पीड़ित ने वकोला पुलिस थाने में दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में बताया है कि, महाराष्ट्र के पालघर जिले में 60 गुंटा जमीन खरीदने के संबंध में डेयरी कारोबारी के साथ उसकी बातचीत हुई थी। एक गुंटा 1,089 वर्ग फुट के बराबर होता है। वकोला पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि पीड़ित दवा दुकान का मालिक है और उसका परिचय एक दलाल से भी हुआ। दलाल ने उसे बताया कि जिस जमीन को वह खरीदना चाहता है, उसकी कीमत 4.5 करोड़ रुपये है। शिकायतकर्ता को बाद में पता चला कि जमीन की वास्तविक कीमत दो करोड़ रुपये थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि डेयरी व्यवसायी ने उनसे 2.23 करोड़ रुपये हड़प लिए और अपने बेटे तथा दलाल की मिलीभगत से फर्जी तरीके से जमीन उसके नाम करा ली।मामले की जांच जारी
अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर, वकोला पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र और दलाल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 406 (आपराधिक विश्वासघात) के तहत मामला दर्ज किया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
(भाषा इनपुट के साथ)
