Ram Mandir Pran-Pratishtha: रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर देशभर के लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। अयोध्या के राम मंदिर में 22 जनवरी को आयोजित भव्य समारोह को देखते हुए महाराष्ट्र में एक बड़ा आदेश जारी किया गया है। उल्हासनगर महानगरपालिका ने मांस, मछली और शराब पर प्रतिबंध लगाया है।
सांकेतिक तस्वीर। (साभार: Freepik)
मांस, मछली और शराब पर लगाया बैन
22 जनवरी को भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा के दिन मुंबई से सटे उल्हासनगर महानगरपालिका ने पूरे शहर में मांस, मछली और शराब पर बैन लगाया है। इसके अलावा ठाणे जिले में में नगर निगम ने 22 जनवरी को मांस की दुकानों को बंद रखने की अपील की है।
मांस की दुकानों को बंद रखने की अपील
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका ने अपने अधिकार क्षेत्र में स्थित मांस बेचने वाली सभी दुकानों को 22 जनवरी को बंद रखने की अपील की है। इस दिन उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन होना है। महानगरपालिका के प्रशासक एवं नगर निगम आयुक्त अजय वैद्य ने यह अपील की और दुकानदारों से सहयोग मांगा है।
पूरे भिवंडी में उत्सव मनाने की योजना
वैद्य ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा कि अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन होना है और इस अवसर पर पूरे भिवंडी में उत्सव मनाने की योजना बनाई गई है। पुलिस अधिकारियों, नगर निकाय प्रशासन और स्थानीय शांति समिति की बृहस्पतिवार को हुई समीक्षा बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया कि उस दिन भिवंडी में मांस, चिकन और मछली की दुकानें बंद रहेंगी। इसके बाद यह अपील की गई है।
इससे पहले, ठाणे जिले के सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील पडघा गांव की ग्राम पंचायत ने स्थानीय लोगों से 22 जनवरी को मांसाहारी भोजन और शराब बेचने वाली दुकानों को बंद करने की अपील की थी। भिवंडी तहसील का यह गांव पिछले साल इस्लामिक स्टेट और देश में अन्य आतंकी मॉड्यूल की जांच के तहत राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) द्वारा की गई छापेमारी के कारण चर्चाओं में था।
