Mumbai: मुंबई के फेमस धीरूभाई अंबानी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मचा है। बताया जा रहा है कि, एक अज्ञात व्यक्ति ने मंगलवार की शाम 4:30 बजे स्कूल के लैंडलाइन पर कॉल कर कहा कि, मैंने आपके स्कूल का उड़ाने के लिए टाइम बम सेट किया है। इतना बोलकर कॉलर ने फोन काट दिया। इस फोन कॉल की जानकारी तुरंत मुंबई पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही भारी पुलिस बल के साथ डॉग स्कॉड और बम निरोधक दस्ते को स्कूल भेजा गया। हालांकि देर रात तक की गई जांच के बाद भी स्कूल परिसर से बम बरामद नहीं हुआ। जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
धीरूभाई अंबानी स्कूल
मुंबई पुलिस के अनुसार, इस मामले में स्कूल की तरफ से मिली शिकायत के आधार पर बीकेसी थाना में अज्ञात कॉलर के खिलाफ IPC की धारा 505 (1)(B) और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है। स्कूल द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, धमकी देने वाले व्यक्ति द्वारा दो बार कॉल की गई। दूसरी कॉल स्कूल के गेट पर मौजूद लैंडलाइन पर की गई। इस फोन कॉल पर फोन करने वाले ने दावा किया कि, उसका नाम विक्रम सिंह है और वह गुजरात का रहने वाला है।
धमकी देने वाले ने खोला धमकी देने का राज
स्कूल की तरफ से बीकेसी पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, बम रखने की धमकी देने वाले आज्ञात शख्स ने अपने दूसरे फोन कॉल में अपना नाम बताते हुए यह भी कहा कि उसने प्रसिद्ध हासिल करने के लिए धमकी दी और वह यह भी जानता था कि इस धमकी के बाद मीडिया उसका नाम लेगा और पुलिस उसे गिरफ्तार भी कर लेगी, जिससे वह पूरे देश में प्रसिद्ध हो जाएगा। फोन करने वाले ने अपनी पहचान की पुष्टि के लिए स्कूल के साथ अपना आधार और पैन कार्ड भी साझा किया। इस पहचान पत्र के विवरण के आधार पर बीकेसी पुलिस ने विक्रम सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि, पूरे मामले की जांच कर आरोपी का पता लगाया जा रहा है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दें कि, धीरूभाई अंबानी स्कूल देश के सबसे फेमस प्राइवेट स्कूलों में से एक हैं। इस स्कूल की चेयरपर्सन नीता अंबानी हैं। करीब 1,30,000 स्क्वेयर फीट में बने इस स्कूल में एलकेजी से लेकर पोस्ट सेकेंडरी लेवल तक की पढ़ाई होती है। इसमें मुंबई के कई जाने-माने लोगों के बच्चे पढ़ते हैं।
