Mumbai News: लड़कियों के लिए महाराष्ट्र का पहला रक्षा प्रशिक्षण संस्थान नासिक में खुलने के लिए तैयार है। यह जून से 30 कैडेटों के बैच के साथ शुरू होगा। इससे राज्य की लड़कियों को बड़ा फायदा मिलने वाला है। यह अपनी तरह का पहला संस्थान सर्विस प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट (एसपीआई), औरंगाबाद की एक शाखा होगी और इसकी गवर्निंग काउंसिल लड़कियों के लिए बनने वाले रक्षा प्रशिक्षण संस्थान के संचालन की निगरानी करेगी। इस संस्थान को लेकर सामान्य प्रशासन विभाग ने 10 जनवरी के एक सरकारी प्रस्ताव के माध्यम से कर्मचारियों के वेतन और अन्य खर्चों के लिए 1.2 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।
नासिक में लड़कियों का पहला रक्षा प्रशिक्षण संस्थान
रक्षा प्रशिक्षण संस्थान में पूर्व सैनिकों की लड़कियों के लिए मौजूदा छात्रावास सुविधाएं मौजूद रहेंगी। साथ ही अगले वर्ष से 60 सीटों की वृद्धि की जाएगी। वहीं एसपीआई, औरंगाबाद, अधिकारियों ने कहा कि नासिक में लड़कियों के लिए रक्षा प्रशिक्षण संस्थान के लिए प्रवेश परीक्षा 9 मई को लड़कों की परीक्षा के साथ निर्धारित की गई थी।
