Mumbai Mega Block 10 August: मुंबई की लोकल और लंबी दूरी की ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को रविवार को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। सेंट्रल रेलवे और वेस्टर्न रेलवे ने ट्रैक मरम्मत और गर्डर इंस्टॉलेशन जैसे जरूरी मेंटिनेंलस के कामों के लिए रविवार, 10 अगस्त को मेगा ब्लॉक की घोषणा की। यह ब्लॉक आधी रात से शुरू होकर सुबह तक जारी रहा। इसका असर लोकल ट्रेन सेवाओं के साथ-साथ कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों पर भी असर पड़ेगा।
मेंटिनेंस के लिए सेंट्रल रेलवे ने की मेगा ब्लॉक की घोषणा (सांकेतिक तस्वीर)
सेंट्रल रेलवे पर मेगा ब्लॉक और प्रभावित रूट
सेंट्रल रेलवे ने शनिवार देर रात से रविवार सुबह तक विशेष ब्लॉक की घोषणा की थी। यह ब्लॉक ठाकुर्ली और कल्याण के बीच अप और डाउन स्लो लाइनों, डोंबिवली से कल्याण के बीच डाउन फास्ट लाइन और अंबरनाथ से बदलापुर के बीच साउथ-ईस्ट लाइन पर लागू रहा। ब्लॉक का समय रात 1:15 बजे से सुबह 4:15 बजे तक निर्धारित किया गया था।
लंबी दूरी की ट्रेनों के रूट में बदलाव
इस दौरान कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें भी डायवर्टेड रूट पर चलाई जाएंगी। चेन्नई एग्मोर, अमृतसर, साईंनगर शिर्डी, हटिया, महानगरी, कुशीनगर, आजमगढ़, तपोवन, इंद्रायणी और तुलसी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों का रूट बदला गया है। वहीं करजत–पनवेल–दीवा रूट से होकर गुजरने वाली कोणार्क, विशाखापट्टनम, हुसेनसागर, होस्पेट और चेन्नई एग्मोर एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों को पनवेल और ठाणे पर रोका जाएगा ताकि कल्याण की यात्रा करने वाले यात्री वहां से अपना सफर पूरा कर सकें।
लोकल ट्रेन पर भी रहा असर
शनिवार रात की आखिरी लोकल ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया था। सीएसएमटी से करजत की आखिरी ट्रेन अब रात 9:58 बजे चली, जो सामान्य रूप से 11:30 बजे चलती थी। इसी तरह करजत से सीएसएमटी की आखिरी लोकल अब 9:27 बजे चली। सीएसएमटी से कसारा की आखिरी लोकल 10:19 बजे और कसारा से सीएसएमटी की आखिरी लोकल 9:24 बजे चली। कल्याण से करजत और कसारा रूट की 20 से अधिक लेट नाइट ट्रेनें रद्द रहीं।
रविवार सुबह पहली लोकल ट्रेनें भी निर्धारित समय से देरी से चलीं। अंबरनाथ से करजत के बीच पहली लोकल 4:46 बजे, करजत से सीएसएमटी के लिए पहली ट्रेन 4:10 बजे, सीएसएमटी से कसारा के लिए 4:40 बजे और कसारा से सीएसएमटी के लिए पहली ट्रेन 4:52 बजे रवाना हुई। सीएसएमटी से करजत के लिए पहली ट्रेन सुबह 6:46 बजे चली। करीब 27 ट्रेनें या तो रद्द कर दी गई हैं या फिर उन्हें ठाणे, डोंबिवली और अंबरनाथ से शुरू किया गया है।
हार्बर और ट्रांसहार्बर लाइन भी प्रभावित
हार्बर लाइन पर भी ब्लॉक का असर देखने को मिला। रविवार की रात 12:40 बजे से सुबह 10:45 बजे तक वाशी से पनवेल के बीच ट्रेन सेवाएं बंद रहेंगी। हालांकि सीएसएमटी से मानखुर्द के बीच लोकल सेवाएं जारी रहेंगी। पनवेल और बेलापुर जाने वाली सेवाएं नेरुल या वाशी पर खत्म हुईं। ट्रांसहार्बर लाइन पर भी रात 12:30 बजे से सुबह 5:30 बजे तक ठाणे से तुरभे के बीच सेवाएं बंद रहीं। वेस्टर्न रेलवे ने महिम से सांताक्रूज के बीच जंबो ब्लॉक की घोषणा की थी। अप फास्ट लाइन पर यह ब्लॉक रात 12 बजे से 4 बजे तक और डाउन फास्ट लाइन पर 12:30 बजे से 4:30 बजे तक रहा। इस दौरान कई लोकल ट्रेनें फास्ट की बजाय स्लो ट्रैक पर चलीं।
यात्रियों के लिए सलाह
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपने सफर की योजना ब्लॉक के समय को ध्यान में रखकर बनाएं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले सेंट्रल और वेस्टर्न रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर समय सारणी की जांच जरूर करें।
