मुंबई

Maharashtra: ठाणे में अगले महीने होगा Metro का ट्रायल, जानिए कब शुरू होगी यह खास सेवा

ठाणे में मेट्रो सेवा का लंबे समय से इंतजार अब खत्म होने वाला है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि सितंबर में मेट्रो का परीक्षण शुरू करने की योजना है और जल्द ही इसका संचालन शुरू हो सकता है। परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है, जिससे शहर को जाम से राहत मिलेगी।

Image

ठाणे मेट्रो का ट्रायल अगले महीने, जल्द होगी शुरू (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Thane Metro Update: ठाणे में मेट्रो का लंबे समय से चल रहा इंतजार अब खत्म होने वाला है। रविवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे मेट्रो को लेकर अपडेट दिया है। उन्होंने कहा है कि मेट्रो सेवा का परीक्षण अगले महीने यानी सितंबर तक कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

कब शुरू होगी ठाणे मेट्रो

ठाणे मेट्रो का ट्रायल अगले महीने होगा और ये इसी साल शुरू हो सकती है। उपमुख्यमंत्री ने कहा है कि इस साल दिसंबर तक इसका पूरी तरह संचालन शुरू होने की उम्मीद है। ठाणे वर्षा मैराथन का उद्घाटन करने के बाद शिंदे ने संवाददाताओं से बातचीत की, जिस दौरान उन्होंने मेट्रो को लेकर ये अपडेट दी।

तेजी से हो रहा काम

शिंदे ने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में लोगों को अंतिम छोर तक मेट्रो संपर्क की सुविधा मिलेगी। सितंबर में ठाणे में मेट्रो का परीक्षण कराने के प्रयास जारी हैं। उसके बाद, हम दिसंबर तक पूर्ण सेवाएं शुरू करने पर काम कर रहे हैं। काम युद्धस्तर पर जारी है।

जाम से मिलेगी मुक्ति

शिंदे ने यह भी बताया कि ठाणे के अंदरूनी हिस्सों में मेट्रो नेटवर्क तैयार करने का काम शुरू हो गया है। सुविधा बढ़ाने के लिए मुख्य मेट्रो लाइनों से जोड़ा जाएगा। आगे उन्होंने कहा कि ठाणे को यातायात जाम मुक्त बनाने का जिम्मा जिलाधिकारी, महानगर पालिका प्रमुख और पुलिस आयुक्त को दिया गया है। वे इस दिशा में काम कर रहे हैं और जल्द ही ठाणे शहर यातायात जाम से मुक्त हो जाएगा।

वर्षा मैराथन के लिए पहुंचे थे शिंदे

ठाणे महानगर पालिका द्वारा कई खेल संगठनों के सहयोग से लंबे अंतराल के बाद आयोजित किए गए ठाणे वर्षा मैराथन के बारे में शिंदे ने कहा कि 25,000 से अधिक प्रतिभागियों ने इसमें भाग लिया जो शहर में सामुदायिक आयोजनों के प्रति उत्साह को दर्शाता है।

उन्होंने पहलवान से नेता बने और शिवसेना नेता चंद्रहार पाटिल और जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों में जाकर सैनिकों के लिए रक्तदान कर रही कोल्हापुर की उनकी टीम की देशभक्ति भावना की भी सराहना की।

(इनपुट-भाषा)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article