Mumbai Train Accident: मुंबई लोकल की बढ़ती भीड़ के कारण शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। महाराष्ट्र सुरक्षा बल (MSF) के एक जवान की लोकल ट्रेन से नीचे गिरकर मौत हो गई। भीड़ के बीच धक्का-मुक्की के कारण वे चलती ट्रेन से गिर गए। जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया, तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुंबई लोकल ट्रेन (फाइल फोटो |istock)
ड्यूटी पूरी करने के बाद घर जाते समय हादसा
मृतक की पहचान महाराष्ट्र सुरक्षा बल के जवान 31 वर्षीय गणेश जगदाले के तौर पर हुई है। जानकारी के अनुसार गणेश जगदाले दहिसर सिटी पुलिस स्टेशन में तैनात थे। शुक्रवार शाम को करीब 8 बजे उनकी ड्यूटी पूरी होने के बाद वे घर के लिए रवाना हुए। उन्होंने दहिसर स्टेशन से नायगांव जाने के लिए लोकल ट्रेन पकड़ी।
भीड़ के कारण बिगड़ा संतुलन
ट्रेन में भारी भीड़ होने की वजह से गणेश दरवाजे के पास ही खड़े थे। तभी मीरा रोड और भायंदर स्टेशन के बीच ट्रेन में धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया। जिससे वे ट्रेन से नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद एक बार फिर मुंबई लोकल की बढ़ती भीड़ और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं।
