Mankhurd Dog Incident: मुंबई के मानखुर्द इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शख्स ने कथित रूप से जानबूझकर अपने पालतू कुत्ते से एक बच्चे को कटवाया। यह घटना 17 जुलाई 2025 की रात करीब 10 बजे की है। शिकायत के अनुसार, एक नाबालिग बच्चा अपनी बिल्डिंग के सामने खड़ी एक रिक्शा में खेल रहा था, तभी 43 वर्षीय मोहम्मद सोहैल हसन खान ने अपने पालतू कुत्ते को जानबूझकर बच्चे की ओर छोड़ दिया। कुत्ते ने बच्चे पर हमला कर उसकी ठुड्डी पर काट लिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई।
शख्स ने अपने पालतू कुत्ते को बच्चे पर छोड़ा
जानकारी के मुताबिक, इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 291, 125 और 125(क) के तहत केस दर्ज किया है। इस दर्दनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोगों में आक्रोश की लहर है। नेटिजन मुंबई पुलिस पर सवाल उठा रहे हैं और आरोप लगा रहे हैं कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद आरोपी को केवल एक नोटिस देकर छोड़ दिया गया, जबकि उससे सख्ती से निपटना चाहिए था। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है।
