Maharashtra Portfolio Allocation: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार के मंत्रियों को विभागों का आवंटन आज या रविवार को होगा। फडणवीस महाराष्ट्र विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अंत में यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (फोटो साभार: https://x.com/Dev_Fadnavis)
कब होगा विभागों का बंटवारा?
फडणवीस ने कहा कि आज रात या कल सुबह तक विभागों का बंटवारा हो सकता है। इससे पहले मंत्री भरत गोगावले ने कहा था कि ‘महायुति’ सरकार के विभागों का आवंटन आज दिन में होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: 'राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में अर्बन नक्सल...', CM फडणवीस का दावा- काठमांडू में हुई एक बड़ी मीटिंग
फडणवीस ने मुख्यमंत्री, एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने उपमुख्यमंत्री के तौर पर पांच दिसंबर को शपथ ली थी और 15 दिसंबर को शीतकालीन सत्र से पहले 39 मंत्रियों को मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया था। भाजपा, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के गठबंधन ‘महायुति’ ने 20 नवंबर को हुए विधानसभा चुनाव में 288 में से 230 सीटें जीती थीं।
'नक्सल मुक्त हुआ गढ़चिरौली का उत्तरी हिस्सा'
वहीं, महाराष्ट्र विधानसभा में देवेंद्र फडणवीस ने नक्सलियों का मुद्दा उठाया और बताया कि गढ़चरौली का उत्तरी हिस्सा पूरी तरह से नक्सल मुक्त हो गया है। उन्होंने कहा कि गढ़चिरौली जिले का उत्तरी हिस्सा पूरी तरह से नक्सल मुक्त है। पिछले साल 33 माओवादी मारे गए, 55 माओवादी गिरफ्तार हुए, 33 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया।
उन्होंने कहा कि गढ़चिरौली के 1500 युवा पुलिस बल में शामिल हुए, जिनमें से 33 युवा नक्सल पीड़ित हैं। माओवादियों के मुख्य नेता गिरिधर और उनकी पत्नी ने आत्मसमर्पण किया है, गिरिधर ने दक्षिण गढ़चिरौली के कैडर की भर्ती की थी। इस दौरान उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र सरकार का लक्ष्य आने वाले 3 सालों में नक्सलवाद को पूरी तरह से समाप्त करना है।
