देश

'राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में अर्बन नक्सल...', CM फडणवीस का दावा- काठमांडू में हुई एक बड़ी मीटिंग

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को विधानसभा में राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में अर्बन नक्सल शामिल हुए। देवेंद्र फडणवीस ने आरोप लगाया कि कुछ ऐसे संगठन भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए।

Image

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को विधानसभा में राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में अर्बन नक्सल शामिल हुए।

देवेंद्र फडणवीस ने आरोप लगाया कि कुछ ऐसे संगठन भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए, जिन्हें महाराष्ट्र में कांग्रेस-एनसीपी सरकार और केंद्र में मनमोहन सिंह सरकार द्वारा अर्बन नक्सलियों का मुखौटा संगठन घोषित किया गया था।

उन्होंने कहा कि ऐसे संगठनों का उद्देश्य देश में संवैधानिक निकायों के बारे में लोगों में भ्रम पैदा करना है। यह आपकी देशभक्ति पर सवाल उठाने के बारे में नहीं है, लेकिन आपको यह समझना चाहिए कि आपका इस्तेमाल कौन कर रहा है।

काठमांडू बैठक को लेकर बड़ा दावा

इस दौरान देवेंद्र फडणवीस ने एक बड़ा दावा भी किया। उन्होंने दावा किया कि 15 नवंबर, 2024 को काठमांडू में एक बड़ी मीटिंग हुई है जिसमें भारत जोड़ो यात्रा के लोग और अर्बन नक्सल शामिल हुए हैं।

आत्मचिंतन करें विपक्ष

राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों में राज्यपाल के संयुक्त अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर विधानसभा में हुई बहस का जवाब देते हुए देवेंद्र फडणवीस ने विपक्ष से आत्मचिंतन करने और ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) को दोष देने के बजाय विधानसभा चुनाव में मिले जनादेश को स्वीकार करने को कहा।

उन्होंने महाभारत की मिसाल देते हुए कहा कि वह आधुनिक समय के अभिमन्यु हैं, जो चक्रव्यूह को तोड़ना जानते हैं। उन्होंने कहा कि ईवीएम का मतलब है 'एवरी वोट फॉर महाराष्ट्र' (सभी वोट महाराष्ट्र के लिए) जो हमें मिला।

मुख्यमंत्री ने कहा, ''अगर आप जीते, तो यह जनादेश और लोकतंत्र की जीत है। लेकिन अगर आप हारे, तो इसका दोष ईवीएम और भारत के निर्वाचन आयोग (ईसीआई) पर डाल दो। आप उन संस्थाओं के बारे में अविश्वास पैदा कर रहे हैं जिनके पास संवैधानिक अधिकार हैं। यह लोगों और संविधान का अपमान है जिसने उन्हें वोट देने का अधिकार दिया है।''

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article