Mumbai Crime News: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम से एक हैरान करने वाली चोरी की घटना सामने आई है। जहां BCCI के आधिकारिक मर्चेंडाइज स्टोर से 261 आईपीएल खिलाड़ियों की जर्सियां चोरी हो गईं। पुलिस ने इस मामले में एक सुरक्षा मैनेजर के खिलाफ केस दर्ज किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरी की गई जर्सियों को बरामद करने में भी जुटी हुई है।
वानखेडे़ स्टेडियम - फाइल फोटो (Credit -Mumbai Cricket Association)
13 जून को चोरी हुईं जर्सियां
बीसीसीआई के मर्चेंडाइज स्टोर से 13 जून 2025 को जर्सियों की चोरी हुई। इस मामले में बीसीसीआई के कर्मचारी हेमांग भरत कुमार अमीन (44) ने शिकायत दर्ज कराई है। वे वानखेड़े स्टेडियम स्थित बीसीसीआई ऑफिस में काम करते हैं। उनकी शिकायत के आधार पर मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में 17 जुलाई को मामला दर्ज किया गया। अमीन ने चोरी का आरोप मीरा रोड ईस्ट स्थित गौरव एक्सेलेंसी निवासी फारुख असलम खान (46) पर लगाया है, जो स्टेडियम में सुरक्षा मैनेजर के पद पर काम करते थे।
इन IPL टीमों की जर्सियां हुईं चोरी
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि सुरक्षा मैनेजर फारुख ने बिना अनुमति BCCI के आधिकारिक मर्चेंडाइज स्टोर में प्रवेश किया। जिसके बाद आईपीएल टीमों DC, MI, LSG, SRH, KKR, PBKS, GT, RCB, RR और CSK के खिलाड़ियों की जर्सियां चोरी कर लीं। आरोपी ने कुल 261 जर्सियों पर अपना हाथ साफ किया। जिसकी आनुमानित कीमत 6.52 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस इस मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही अन्य सबूतों की भी जांच की जा रही है। जिससे की चोरी की गई जर्सियों को बरामद किया जा सके।
