Maharashtra News: जमिया इस्लामिया इशातुल उलूम (JIIU) और यमनी नागरिक अल-खदामी खालिद इब्राहिम सालेह सहित अन्य मामलों की जांच के तहत महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले और मुंबई में 12 अलग-अलग स्थानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
ED ने महाराष्ट्र में 12 जगहों पर छापेमारी की
यह जांच अक्कलकुवा पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR और 11 अप्रैल 2025 को दाखिल चार्जशीट के आधार पर शुरू की गई थी। इसके अलावा, जमिया इस्मालिया इशातुल उलूम ट्रस्ट का FCRA (Foreign Contribution Regulation Act) पंजीकरण पहले ही रद्द किया जा चुका है। गृह मंत्रालय (MHA) ने 15 जुलाई 2024 को जारी आदेश में इस संस्था का FCRA पंजीकरण निरस्त कर दिया था।
मंत्रालय ने यह पाया था कि ट्रस्ट विदेशी चंदे की राशि उन NGOs को भेज रहा था जिनका FCRA पंजीकरण नहीं था, जो नियमों का उल्लंघन माना जाता है। अधिकारियों के अनुसार, चल रहे तलाशी अभियान का मुख्य उद्देश्य फंडिंग नेटवर्क, दस्तावेज़, डिजिटल डेटा और अन्य संबंधित सबूतों का पता लगाना है। जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि विदेशी फंड का इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया गया और क्या इसमें किसी प्रकार के अवैध वित्तीय लेनदेन की भागीदारी रही। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
