Mumbai-Ahmedabad Bullet Train : भारत में जल्द ही बुलेट ट्रेन पटरियों पर फर्राटा भरती नजर आएगी। हालांकि, इसके लिए अभी 2027 तक इंतजार करना होगा। लेकिन, ताजा बुलेट ट्रेन परियोजना की अपडेट मिलने के दौरान रेल मंत्री ने कहा कि शिलफाटा और घनसोली के बीच 4.88 किलोमीटर लंबी सुरंग की खुदाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। कहा कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना अर्थव्यवस्था के लिए उसी तरह से लाभकारी साबित होगी, जैसा छह दशक से भी अधिक समय पहले जापान में पहली बार ‘हाई स्पीड’ ट्रेन सेवा शुरू होने पर हुआ था। उन्होंने कहा कि सूरत-बिलिमोरा खंड पर ‘हाई-स्पीड कॉरिडोर’ का पहला चरण दिसंबर 2027 में शुरू हो जाएगा।
बुलेट ट्रेन (Istock)
सुरंग के घनसोली ‘शाफ्ट’ पर उन्होंने कहा कि टोक्यो, नागोया और ओसाका जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ने वाली दुनिया की पहली बुलेट ट्रेन ने जापान की पूरी अर्थव्यवस्था को कई गुना बढ़ा दिया। इसी तरह, यह परियोजना आणंद, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, वापी और मुंबई को एक एकल इकनॉमिक कॉरिडोर में एकीकृत करेगी।
न्यूज एजेंसी भाषा के हवाले से उन्होंने कहा कि परियोजना में जापानी साझेदारों ने इस तकनीकी नवाचार की दक्षता और डिजाइन उत्कृष्टता की प्रशंसा की है, और कहा कि भारत ने इस संबंध में पर्याप्त जानकारी हासिल कर ली है। परियोजना की समीक्षा के लिए एक दिन पहले जापान के एक उप मंत्री के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की, जिस दौरान दोनों पक्षों ने प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने बताया कि भारत में नवीनतम ई10 शिंकानसेन (जापान की अगली पीढ़ी की बुलेट ट्रेन) शुरू करने पर भी चर्चा हुई। जापान, भारत को यह एडवांस्ट ट्रेन सिस्टम उपलब्ध कराने को सहमत हो गया है। बुलेट ट्रेन मध्यम वर्ग के लिए ट्रांसपोर्टेशन का साधन होगी और किराया भी उचित होगा।
मुंबई अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशन
मुंबई अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए 12 स्टेशन हैं, जिनमें मुंबई, ठाणे, विरार, बोइसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद, साबरमती शामिल हैं।
बुलेट ट्रेन की स्पीड कितनी?
नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) ने बुलेट ट्रेन की अधिकतम स्पीड 320 किलोमीटर प्रति घंटे होने का दावा किया है। पहला प्रोजेक्ट मुंबई से अहमदाबाद और दूसरा हावड़ा से बिहार होते हुए नई दिल्ली तक जाएगा, जबकि तीसरा दिल्ली से अमृतसर तक हो जाएगा।
मुंबई में कब शुरू होगी बुलेट ट्रेन?
रेल मंत्री ने कहा कि ‘गूगल मैप’ ऐप मुंबई और अहमदाबाद के बीच यात्रा का समय नौ घंटे दिखाता है, लेकिन बुलेट ट्रेन से लोग यह दूरी दो घंटे सात मिनट में तय कर सकेंगे। बुलेट ट्रेन परियोजना का पहला चरण 2027 में सूरत-बिलिमोरा खंड पर शुरू किया जाएगा। यह 2028 में ठाणे और 2029 में बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स तक हो जाएगा।
मंत्री ने कहा कि 320 किलोमीटर लंबे पुल का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि सभी स्थलों पर स्टेशन निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। नदी पुलों का निर्माण व्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है और साबरमती सुरंग का निर्माण कार्य भी लगभग पूरा होने वाला है। ट्रेनों के परिचालन की इस तरह से योजना बनाई गई है कि सुबह और शाम के व्यस्त समय में हर आधे घंटे में एक ट्रेन रवाना होगी। पूरा नेटवर्क व्यवस्थित हो जाने पर, व्यस्त समय में हर 10 मिनट में एक ट्रेन उपलब्ध होगी।
कैसे मिलेगी बुलेट ट्रेन की टिकट
मुंबई और अहमदाबाद के बीच यात्रा के लिए टिकट आरक्षित कराने की आवश्यकता नहीं होगी और यात्री स्टेशन पर टिकट ले सकेंगे।
मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर की लंबाई
नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) ने कहा कि न्यू ऑस्ट्रियन टनल मेथड (एनएटीएम) का उपयोग करके खोदी गई यह सुरंग, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) और शिलपाटा के बीच 21 किलोमीटर लंबे भूमिगत खंड का हिस्सा है। इसमें ठाणे क्रीक के नीचे 7 किलोमीटर का खंड भी शामिल है। मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर (508 किमी) भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना है।
