Kapil Sharma: मुंबई क्राइम ब्रांच ने बॉलीवुड एक्टर और कॉमेडियन कपिल शर्मा को ब्लैकमेल और जान से मारने की धमकी देने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने पश्चिम बंगाल से दिलीप चौधरी नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, इस व्यक्ति ने कपिल शर्मा के एक करीबी दोस्त को फोन करके 1 करोड़ रुपये की मांग की थी और पैसे न देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी थी।
कपिल शर्मा को जान से मारने की धमकी के मामले में एक शख्स की गिरफ्तारी (Photo- PTI)
आरोपी को 30 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा
इस घटना की जानकारी मुंबई पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच जांच कर रही थी। जहां अब जांच के बाद क्राइम ब्रांच आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर मुंबई ले आई है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे 30 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, अब धमकियों के पीछे का मकसद जानने के लिए जांच जारी है।
क्या है पूरा मामला?
चार दिन पहले (22-23 सितंबर) एक व्यक्ति ने खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए कॉमेडियन कपिल शर्मा के PA को फोन किया और 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। कपिल के PA ने इस मामले की जानकारी मुंबई पुलिस को दी। मुंबई पुलिस ने इस मामले में आरोपी दिलीप चौधरी को बंगाल के नॉर्थ परगना से गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, पुलिस को अभी तक दिलीप चौधरी का बिश्नोई गैंग से कोई संबंध नहीं मिला है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने कॉमेडियन को फोन करके धमकी भरे वीडियो भेजे थे। 22 और 23 सितंबर को कॉमेडियन को आरोपी से लगभग सात फोन कॉल आए थे। बताया गया कि चौधरी ने रोहित गोदारा और गोल्डी बरार जैसे गैंगस्टरों के नाम पर भी धमकी दी और कॉमेडियन-अभिनेता से 1 करोड़ रुपये की मांग की।
