Mumbai News: मुंबई से दो बच्चों के लापता होने की खबर आई है। कल लापता हुए बच्चों की लाश आज कार में मिली। ये घटना एंटॉप हिल इलाके की है। ये दोनों भाई-बहन दोपहर करीब डेढ़ बजे घर से बाहर खेलने गए थे। लड़के का नाम साजिद और लड़की का नाम मुस्कान था। एक की उम्र 5 साल और एक की 7 साल थी। दोपहर में खेलन गए बच्चे जब काफी देर तक घर वापस नहीं आए तो माता पिता ने बच्चों को ढूंढना शुरू किया। लंबे समय तक ढूंढने के बाद देर रात स्थानीय एंटॉप हिल पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
कार में मिला दो बच्चों का शव
कार में मिली बच्चों की लाश
बच्चों के गुमशुदा होने के बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने पूरे इलाके के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। लेकिन बच्चों की कोई जानकारी नहीं मिली। ऐसे में पुलिस ने एक बार फिर घर से शुरुआत की। पुलिस ने वहां एक धूल व मिट्टी में लिपटी हुई कार को खड़ा देखा। पुलिसकर्मी ने मोबाइल के टॉर्च को जलाकर कार में देखा तो दोनों बच्चे अंदर ही पड़े दिखाई दिए। पुलिस ने तुरंत बच्चों को कार से बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बच्चों की मौत हो गई थी। पुलिस ने बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
दम घुटने से हुई मौत
पुलिस ने मामले पर अधिक जानकारी देते हुए बताया कि दोनों ही बच्चों के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं है। शक है की खेल खेल में बच्चे कार के अंदर गए और लॉक हो गए। छोटे होने की वजह से कार खोल नहीं पाए और तेज गर्मी और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने ADR दर्ज किया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार करते हुए आगे की जांच की जा रही है।
