मुंबई से सटे मीरा भयंदर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एक 11 वर्षीय लड़के की डूबने से मौत हो गई है, जिसकी वजह से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है। ये घटना गोल्डन नेस्ट क्षेत्र में मीरा भयंदर नगर निगम (एमबीएमसी) के स्वामित्व वाले लोकनेते गोपीनाथ मुंडे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के अंदर स्थित स्विमिंग पूल की है जहां एक निजी एजेंसी द्वारा आयोजित समर कैंप में भाग लेने गए 11 वर्षीय लड़के की पानी में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक ये घटना रविवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। मृतक लड़के की पहचान ग्रंथ मुथा के रूप में हुई है, जो भयंदर के प्लैनेटेरिया कॉम्प्लेक्स का निवासी था।
समर कैंप के दौरान स्विमिंग पूल में डूबकर हुई बच्चे की मौत
11 year old boy drowns in Swimming Pool
समर कैंप में भाग लेने गया था लड़का
लड़का एक निजी एजेंसी द्वारा आयोजित समर कैंप में भाग लेने गया था, जिसे नागरिक प्रशासन ने खेल परिसर चलाने के लिए नियुक्त किया था। इस कैंप में लगभग 30 छात्रों ने अपना पंजीकरण कराया था। अब परिवार सवाल उठा रहा है कि उनके बेटे को बचाने के लिए कोई लाइफगार्ड क्यों नहीं पहुंचा।
मामले की जांच शुरू
मुंबई से सटे मीरा भयंदर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुई इस दर्दनाक घटना के बाद से मृतक के परिजनों ने खेल परिसर के प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने इस घटना में एडीआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच कर दी है।
