Mumbai News: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान बॉम्बे (IIT Bombay, Powai) में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। संस्थान के डिपार्टमेंट ऑफ एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग के बीटेक सेकंड ईयर के एक छात्र ने अपने हॉस्टल के कमरे में कथित तौर पर सुसाइड कर लिया। इस दुखद खबर के फैलते ही बीती रात IIT पवई कैंपस में भारी तनाव का माहौल बन गया। गुस्साए और आक्रोशित छात्रों ने बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर देर रात तक इंस्टीट्यूट एडमिनिस्ट्रेशन के खिलाफ उग्र प्रदर्शन और नारेबाजी की।
देर रात छात्रों का प्रदर्शन
परीक्षा में ChatGPT के इस्तेमाल और काउंसलिंग की बात आई सामने
सूत्रों और शुरुआती जानकारियों के अनुसार, शुक्रवार को आयोजित एक परीक्षा के दौरान छात्र को एग्जाम हॉल में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। आरोप है कि उसने प्रश्नों के उत्तर ढूंढने के लिए क्वेश्चन पेपर को AI टूल ChatGPT पर अपलोड किया था। परीक्षा नियंत्रकों और शिक्षकों द्वारा पकड़े जाने के बाद संबंधित विषय के टीचर और डिपार्टमेंट हेड ने छात्र से बातचीत की। बताया जा रहा है कि शिक्षकों ने छात्र की उचित काउंसलिंग की और उसे भरोसा दिलाया कि इस गलती का उसके भविष्य या एकेडमिक करियर पर कोई गंभीर बुरा असर नहीं पड़ने दिया जाएगा। संस्थान के मुताबिक, उस वक्त तक छात्र के खिलाफ कोई औपचारिक अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी। काउंसलिंग के बाद छात्र वापस अपने हॉस्टल के कमरे में लौट आया, लेकिन देर शाम वह अपने कमरे में संदिग्ध और मृत अवस्था में पाया गया।
बीती रात कैंपस में हंगामा और नारेबाजी
छात्र की मौत की खबर सामने आते ही हॉस्टलों से सैकड़ों छात्र बाहर निकल आए और कैंपस में एकत्रित हो गए। छात्रों ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए एडमिनिस्ट्रेशन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध दर्ज कराया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पवई पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी और डीसीपी दत्तात्रेय नलावडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। IIT बॉम्बे प्रशासन ने छात्र की असमयिक मौत पर गहरा शोक और दुख व्यक्त किया है। संस्थान ने जारी बयान में कहा कि वह इस बेहद कठिन समय में मृतक छात्र के दोस्तों, सहपाठियों, प्रोफेसरों और परिवार को हर संभव मानसिक, भावनात्मक और कानूनी सहायता प्रदान कर रहा है। मुंबई पुलिस और पवई थाना पुलिस ने मामले में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस उन सभी परिस्थितियों की गहनता से पड़ताल कर रही है जिनकी वजह से छात्र ने यह खौफनाक कदम उठाया।
