मुंबई के लालबाग में गणेश उत्सव के बीच बड़ा हादसा, पंडाल के पास स्टॉल में उतरा करंट; 8 साल की बच्ची और महिला की मौत

Mumbai News: मुंबई के लालबाग इलाके में गणेश पंडाल के पास रविवार तड़के करंट लगने से 8 साल की बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। बताया जा रहा है कि पंडाल के प्रवेश द्वार के पास अस्थायी पानी और कोल्ड ड्रिंक स्टॉल में शॉर्ट सर्किट के बाद बिजली का करंट फैल गया था।

Mumbai News: मुंबई के लालबाग इलाके में गणेश उत्सव के दौरान रविवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। गणेश पंडाल के प्रवेश द्वार के पास बनाए गए अस्थायी पानी और कोल्ड ड्रिंक स्टॉल में बिजली का करंट उतरने से 8 साल की बच्ची और 33 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे में चार अन्य लोग भी झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार रात करीब 2:20 बजे कालाचौकी के दत्ताराम लाड मार्ग स्थित दिग्विजय मिल चॉल में महागणपति उत्सव मंडल के प्रवेश द्वार के पास हुई। उस समय गणेश उत्सव के चलते इलाके में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ मौजूद थी। शुरुआती जानकारी में हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, पंडाल के पास लगाए गए अस्थायी पेयजल और कोल्ड ड्रिंक स्टॉल में बिजली का करंट फैल गया था।

Mumbai Ganesh Festival Accident

गणपति दर्शन के बीच पसरा मातम (प्रतीकात्मक फोटो)

6 लोगों में से 2 की मौत

हादसे की सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों ने मौके पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी और एहतियात के तौर पर घटनास्थल को घेर दिया। करंट की चपेट में आए छह लोगों को तत्काल आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया गया। इनमें 8 वर्षीय राघिनी घनश्याम यादव को बायकुला स्थित मसीना अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, किरण अकबर नाइक (19), तन्वी नरेश हांडे (19) और साहिल संदीप तारे (19) का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है। दो अन्य घायलों को परेल स्थित ग्लोबल अस्पताल ले जाया गया। यहां 33 वर्षीय सुजाता को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, 12 वर्षीय रुही सिंह की हालत गंभीर बताई गई है और उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

End of Feed