Mumbai News: मुंबई के भेंडी बाजार इलाके में स्थित हाजी इस्माइल हाजी हबीब मुसाफिरखाना इमारत को गिराने की तैयारी पूरी कर ली गई है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने जर्जर घोषित इस इमारत को 18 और 19 नवंबर को पुलिस बंदोबस्त में तोड़ने का फैसला किया है। इस संबंध में 17 नवंबर को इमारत परिसर में नोटिस चिपका दिया गया है। BMC ने ग्राउंड फ्लोर पर चल रहे प्रेयर हॉल को भी खाली करने का निर्देश दिया है।
सांकेतिक फोटो (Canva)
C-1 श्रेणी में घोषित है इमारत
BMC के मुताबिक, इमारत की हालत बेहद खराब है और इसे C-1 श्रेणी में रखा गया है। इससे प्रेयर हॉल में आने वाले लोगों और आसपास से गुजरने वाले राहगीरों की सुरक्षा को भी खतरा है। महानगरपालिका ने पहली बार 24 जनवरी 2018 को इमारत गिराने का नोटिस जारी किया था। इस नोटिस को 'हाजी इस्माइल हाजी हबीब मुशाफिरखाना ट्रस्ट' व अन्य लोगों ने बॉम्बे हाईकोर्ट में इस फैसले को चुनौती दी थी, जिसे अदालत ने 26 मार्च 2019 को याचिका खारिज कर दी। इसके बाद 20 मई 2020 को BMC ने दोबारा इमारत गिराने का निर्देश दिया था। ट्रस्ट ने लॉकडाउन के दौरान कार्रवाई रोकने और बाद में प्रशासन को सहयोग करने की बात कही थी।
प्रेयर हॉल संचालकों को दिए गए दो विकल्प
BMC के अनुसार, इमारत के दूसरे हिस्से खाली करा लिए गए हैं, लेकिन ग्राउंड फ्लोर पर प्रेयर हॉल अब भी संचालित हो रहा है। इस परिसर का रिडेवलपमेंट कर रहे सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट (SBUT) की ओर से प्रेयर हॉल संचालकों को दो विकल्प दिए गए थे। पहला, पास की इमारत में नमाजियों के लिए अस्थायी प्रेयर हॉल उपलब्ध कराना और दूसरा, SBUT द्वारा किराए के रूप में आर्थिक सहायता देना ताकि संचालक खुद वैकल्पिक जगह का इंतजाम कर सकें। BMC ने प्रेयर हॉल संचालकों से कुरान, धार्मिक फ्रेम, प्रेयर मैट और अन्य धार्मिक वस्तुओं को सम्मानपूर्वक सुरक्षित हटाने को कहा है। साथ ही तोड़फोड़ से पहले पूरे परिसर को खाली रखने का निर्देश दिया है।
सड़क चौड़ीकरण की योजना से भी जुड़ी कार्रवाई
BMC के नोटिस के मुताबिक, यह इमारत प्रस्तावित दूसरी कूपर स्ट्रीट लेआउट रोड के चौड़ीकरण के रास्ते में आ रही है। इसलिए इसे हटाना सड़क चौड़ीकरण की योजना के लिहाज से भी जरूरी है। महानगरपालिका ने चेतावनी दी है कि जर्जर इमारत में लोगों की मौजूदगी के दौरान कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित लोगों की होगी।
