विश्व प्रसिद्ध यूनेस्को धरोहर सांची में गूंजा स्वच्छता का संदेश, जन भागीदारी से सफलता से मना स्वच्छ पर्यटन अभियान

MP News: यूनेस्को धरोहर सांची में MP पर्यटन बोर्ड और IATO ने 'स्वच्छ पर्यटन अभियान' चलाया। इसमें स्थानीय लोगों, ASI और NCC कैडेट्स ने हिस्सा लेकर स्थल को प्लास्टिक-मुक्त व स्वच्छ बनाने का संदेश दिया।

MP News: विश्व प्रसिद्ध यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल सांची में शनिवार को ‘स्वच्छ पर्यटन अभियान’ के तहत व्यापक स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड (MPTB) एवं इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (IATO) के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस अभियान में स्थानीय समुदाय, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के अधिकारियों, ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों, सफाई कर्मियों, एनसीसी (NCC) के विद्यार्थियों, विद्यार्थियों, पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों और स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान का उद्देश्य प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को स्वच्छ, पर्यावरण-अनुकूल एवं सिंगल-यूज प्लास्टिक मुक्त बनाना तथा स्थानीय समुदाय को स्वच्छ पर्यटन की मुहिम का सक्रिय भागीदार बनाना रहा।

mp news

पर्यटन स्थलों को स्वच्छ और प्लास्टिक-मुक्त बनाने के लिए दिलाई गई स्वच्छता शपथ

पर्यटन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल

इस दौरान मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा_सांची से प्रारंभ हुआ यह अभियान जनभागीदारी आधारित स्वच्छ पर्यटन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। अब प्रत्येक माह प्रदेश के एक प्रमुख पर्यटन स्थल पर इस प्रकार का स्वच्छ पर्यटन अभियान चलाया जाएगा। हमारा लक्ष्य केवल स्मारकों को स्वच्छ रखना नहीं, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश को देश का सबसे स्वच्छ राज्य बनाने की दिशा में कार्य करना है। सांची देश की पहली सोलर सिटी है और बौद्ध धर्म के लिए अत्यंत पवित्र एवं विश्वभर के श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण स्थल है। ऐसे विश्व धरोहर स्थलों की स्वच्छता और संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है। प्रदेश के प्रत्येक पर्यटन स्थल पर स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को एक सामूहिक अभियान का स्वरूप दिया जाएगा। पर्यटन परिसरों की स्वच्छता तभी स्थायी बन सकती है, जब स्थानीय नागरिक, दुकानदार, पर्यटक और प्रशासन मिलकर इसकी जिम्मेदारी निभाएं। पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को अपनाकर स्वच्छ पर्यटन की संस्कृति को जनआंदोलन बनाना होगा।

End of Feed