MP News: मध्य प्रदेश में इश्क का एक ऐसा रंग देखने को मिला है, जिसके कारण पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव कई घंटों तक फूले रहे। एक लड़की, इश्क में इस कदर पागल हुई कि टावर पर चढ़ गई। दरअसल उसके परिवार वाले, उसका प्रेम संबंध स्वीकारने के लिए तैयार नहीं थे, जिसके बाद लड़की घर से निकली और 300 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गई।
मध्य प्रदेश में प्रेमी के लिए टावर पर चढ़ी युवती
प्रेमी के साथ हो चुकी थी शादी- प्रेमिका
घटना मध्य प्रदेश के देवास जिले की है। यहां प्रेम प्रसंग को लेकर परिजनों की असहमति से नाराज एक युवती रविवार को बागली-चापड़ा मार्ग स्थित करीब 300 फीट ऊंचे बीएसएनएल टॉवर पर चढ़ गई। टॉवर के ऊपरी छोर पर बैठकर उसने प्रेमी को मौके पर बुलाने की मांग की। युवती ने चिट्ठी के जरिए बताया कि दोनों की कोर्ट मैरिज हो चुकी है। दोनों के मोबाइल फोन परिवार के पास हैं।
पत्थर में बांधकर फेंकी चिट्ठियां
यहां जब सड़क से लगभग 100 मीटर दूर टॉवर पर युवती को चढ़ते देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। बागली थाना प्रभारी जीवन भिंडोरे पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने युवती को नीचे उतरने की कोशिश की। उसकी बात पूरी कराने का भरोसा दिलाया, लेकिन वह नहीं मानी। युवती ने पत्थर से बांधकर चिट्ठियां नीचे फेंकी। इनमें प्रेमी को जल्द बुलाने की मांग की गई थी। दोनों के मोबाइल फोन वापस दिलाने की मांग भी की गई थी। उसने करीब चार चिट्ठियां पत्थर से बांधकर फेंकीं। बाद में बिना पत्थर के भी चिट्ठियां फेंकी। लोगों ने उन्हें पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। एक चिट्ठी में लिखा था- अब समय खत्म हो रहा है।
प्रेमी के आने पर ही टावर से उतरी
पुलिस ने युवक के पिता और भाई को मौके पर बुलाया। युवती को जानकारी दी, लेकिन वह नीचे नहीं उतरी। शाम करीब 6 बजे युवक मौके पर पहुंचा। उसे देखने के बाद युवती ने सवा 6 बजे नीचे उतरना शुरू किया। 6.45 बजे वह टॉवर से नीचे आ गई। इसके बाद पुलिस ने एंबुलेंस से उसे बागली सिविल अस्पताल भेजा। मौके पर युवक की मां, पिता, भाई और मौजूद थे।
बागली पुलिस के मुताबिक युवती का युवक से प्रेम प्रसंग था, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी कारण वह टॉवर पर चढ़ गई। उसे लगातार माइक से बात की गई, युवक को बुलाकर बात कराई गई, तब युवती नीचे उतरने के लिए तैयार हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
