Punjab Hospital Bomb Threat: पंजाब के मोहाली से एक बेहद संवेदनशील खबर सामने आ रही है, जिसने पूरे शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। एक धमकी भरे ईमेल में मोहाली के प्रतिष्ठित फोर्टिस अस्पताल और कई निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। यह मामला इसलिए और भी गंभीर हो जाता है क्योंकि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान फिलहाल इसी अस्पताल में भर्ती हैं।
जहां भर्ती हैं मुख्यमंत्री, उसी अस्पताल को मिली धमकी (फाइल फोटो | PTI)
दोपहर 1:11 बजे धमाके की चेतावनी
धमकी भरे ईमेल में साफ रूप से उल्लेख किया गया है कि दोपहर 1:11 बजे फोर्टिस अस्पताल और शहर के कई स्कूलों में जोरदार धमाके किए जाएंगे। ईमेल में मुख्यमंत्री भगवंत मान का जिक्र करते हुए उन्हें निशाना बनाने की बात कही गई है। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य कारणों से पिछले रविवार से ही फोर्टिस अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती हैं। धमकी मिलने के तुरंत बाद पंजाब पुलिस और तमाम खुफिया एजेंसियां 'हाई अलर्ट' मोड पर आ गई हैं।
स्कूलों में मची अफरा-तफरी, सुरक्षित निकाले गए बच्चे
धमकी का असर मोहाली के निजी स्कूलों पर भी देखा गया। फेस-5 स्थित एक प्रमुख निजी स्कूल सहित अन्य संस्थानों में जैसे ही खबर पहुंची, तुरंत बच्चों की छुट्टी कर दी गई। घबराए हुए अभिभावक अपने बच्चों को लेने स्कूल पहुंचे, जिससे सड़कों पर भी भीड़ की स्थिति बन गई। पुलिस ने एहतियात के तौर पर स्कूलों को खाली कराकर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली है।
अस्पताल में टीमें कर रही हैं सर्च ऑपरेशन
मुख्यमंत्री की सुरक्षा और आम मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए फोर्टिस अस्पताल को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस की पांच विशेष टीमें, जिनमें बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) और डॉग स्क्वायड शामिल हैं, अस्पताल के भीतर और बाहर सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। हालांकि, पहले भी मोहाली और चंडीगढ़ में ऐसी धमकियां मिली हैं जो बाद में अफवाह (Hoax) साबित हुईं, लेकिन मुख्यमंत्री की मौजूदगी के कारण पुलिस इस बार कोई भी जोखिम लेने के मूड में नहीं है।
सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर
सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, साइबर सेल उस ईमेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रहा है जिससे यह धमकी भेजी गई है। अस्पताल और प्रभावित स्कूलों के आसपास सुरक्षा घेरा बेहद कड़ा कर दिया गया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत कंट्रोल रूम को दें।
