Mirzapur Conversion Racket: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में सामने आए धर्मांतरण और यौन शोषण के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस पूरे रैकेट के कथित मास्टरमाइंड इमरान को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अपने परिवार के साथ दुबई भागने की कोशिश में था, तभी इमिग्रेशन विभाग ने उसे पकड़ लिया और दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते मिर्जापुर DIG सोमेन बर्मा
KGN जिम नेटवर्क से फैलाया गया जाल
पुलिस के मुताबिक इमरान मिर्जापुर में KGN (Khwaja Garib Nawaz) नाम से जिमों की एक चेन चलाता था। इन्हीं जिमों के जरिए वह महिलाओं को अपने जाल में फंसाता, उनका शोषण करता और फिर धर्मांतरण व ब्लैकमेलिंग का दबाव बनाता था। ये जिम उसके रिश्तेदारों और करीबी लोगों द्वारा संचालित किए जा रहे थे। DIG सुमन वर्मा ने बताया कि इस मामले में KGN और ‘आयरन फायर’ नामक दो मुख्य नेटवर्क सामने आए हैं, जिनसे जुड़े मालिक और ट्रेनर गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
एनकाउंटर, गिरफ्तारियां और जब्त गाड़ियां
अब तक इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें से कुछ को पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया। इमरान इस केस में सातवां आरोपी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन कारें और चार मोटरसाइकिलें जब्त की हैं, जिनका इस्तेमाल लड़कियों को फुसलाने और इधर-उधर ले जाने में किया जाता था। DIG ने बताया कि इन वाहनों के साथ-साथ डिजिटल सबूत और जिमों से जुड़े बैंक खातों की भी गहन जांच की जा रही है।
65 मुकदमे और पुलिस की सख्त कार्रवाई
पुलिस के अनुसार इमरान पर कुल 65 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें ज्यादातर धोखाधड़ी से जुड़े हैं। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। मामले की जांच तब शुरू हुई जब 20 जनवरी को दो महिलाओं ने कोतवाली देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आने के बाद चार विशेष टीमों का गठन किया गया। फिलहाल चार जिम सील किए जा चुके हैं और जिले में चल रहे सभी 47 जिमों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इमरान को जल्द ही पुलिस रिमांड पर लेकर पूरे नेटवर्क की परत-दर-परत जांच की जाएगी, ताकि इस गिरोह से जुड़े हर व्यक्ति को कानून के कटघरे में लाया जा सके।
