Meerut News: मेरठ में नौचंदी थाना पुलिस ने बंद मकानों में चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी सोशल मीडिया पर घरों की रील और वीडियो देखकर मकानों की रेकी करते थे और फिर सुनसान मिलने पर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
मेरठ पलिस का बड़ा एक्शन (प्रतीकात्मक फोटो)
20 जून की रात को क्या हुआ था?
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि 20 जून की रात शास्त्री नगर निवासी राजकुमार खुराना के बंद मकान में चोरी हुई थी। अगले दिन मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि वारदात किसी एक व्यक्ति नहीं बल्कि पूरे गिरोह ने की है, जो कई दिनों तक मकानों की रेकी कर घटना को अंजाम देता था। जांच के दौरान पुलिस ने नजाकत पुत्र सलीम निवासी शास्त्री नगर, सलीम पुत्र अजीज निवासी लिसाड़ी और नजाकत की पत्नी अकिला खातून को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में क्या सामने आया?
पूछताछ में सामने आया कि नजाकत पेशे से प्लंबर है और कुछ महीने पहले राजकुमार के घर में काम कर चुका था। इसी दौरान उसने घर की बनावट, परिवार के सदस्यों और कीमती सामान की जानकारी जुटा ली थी। पुलिस के अनुसार उसने सोशल मीडिया पर अपलोड घर की वीडियो और रील का भी फायदा उठाया और उसी आधार पर चोरी की योजना बनाई। इस दौरान नकदी, चार हीरे के टॉप्स, एक सोने की अंगूठी, चार कान के टॉप्स और एक मंगलसूत्र चुराए गए थे।
किस ने छुपाया था आभूषणों को?
चोरी के बाद आभूषणों का बंटवारा कर उन्हें अकिला खातून ने छिपा दिया था, जिसकी निशानदेही पर बाद में पुलिस ने बरामदगी की। एसपी सिटी ने बताया कि नजाकत शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। इस मामले पर मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पुलिस इसमें टीम गठित कर जांच कर रही थी। सीसीटीवी फुटेज का संकलन किया गया। उन्होंने कहा जितना भी माल चोरी हुआ था उसकी बरामदगी की हो गई है।
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस अधिकारी ने कहा ₹200000 नकद, चार हीरे के टॉप, एक पीली अंगूठी धातु की, चार कान के टॉप्स और एक मंगलसूत्र बरामद कर लिया गया है। लोग अक्सर सोशल मीडिया पर अपने घर की कई वीडियो-फोटो शेयर करते हैं। ऐसे शातिर अपराधी सोशल मीडिया पर नजर रखते हैं और इसी तरह ही घरों को टारगेट कर चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं।
