Mathura Accident News: उत्तर प्रदेश के मथुरा में दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे-19 पर सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। इस हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।
मथुरा में हाईवे पर भीषण हादसा
टक्कर के बाद कार में फंसे लोग
जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा जैंत थाना क्षेत्र में निर्फाद हॉस्पिटल के पास सोमवार सुबह हुआ। बताया जा रहा है कि जब स्विफ्ट कार दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे-19 से गुजर रही थी। तभी निर्फाद हॉस्पिटल के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार के बुरी तरह परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को निकाला
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। कार में फंसे घायलों को काफी देर मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने तीनों घायलों को गंभीर हालत में सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
चारों मृतकों की पहचान की जा रही
पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी शिनाख्त करने में जुटी हुई है। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
(इनपुट - दीपक चौधरी)
