Mathura News: मथुरा की एक पॉश कॉलोनी में 'रफ्तार के रोमांच' ने एक मासूम की जिंदगी को मौत के मुहाने पर खड़ा कर दिया है। थाना हाईवे क्षेत्र की चंदनवन कॉलोनी में एक अनियंत्रित थार गाड़ी की स्टंटबाजी और लापरवाही का ऐसा मंजर देखने को मिला, जिसे देख किसी की भी रूह कांप जाए।
हवा में कई फीट उछली युवती, थार ने रौंदा
चंदनवन कॉलोनी में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक लाल रंग की थार गाड़ी सड़क पर स्टंट करते हुए अचानक अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि थार चालक गाड़ी को लापरवाही से दौड़ा रहा था, तभी वह डिवाइडर को लांघते हुए दूसरी तरफ जा पहुंची। वहां अपनी स्कूटी के पास खड़ी एक युवती को थार ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह हवा में कई फीट ऊपर उछली और दूर जा गिरी। युवती को रौंदने के बाद तेज रफ्तार थार सड़क पर ही पलट गई।
किसान यूनियन की नेमप्लेट और रसूख का सवाल
हादसे के बाद जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, तो पलट चुकी थार गाड़ी के अगले हिस्से को देखकर दंग रह गए। गाड़ी पर 'प्रदेश अध्यक्ष, किसान यूनियन पश्चिमी उत्तर प्रदेश' की नेमप्लेट लगी हुई थी। बताया जा रहा है कि गाड़ी में सवार युवक हादसे के तुरंत बाद मौके से भाग निकले। इस रसूखदार नेमप्लेट वाली गाड़ी की स्टंटबाजी ने एक मासूम युवती को गंभीर रूप से घायल कर दिया है, जिसकी हालत अस्पताल में बेहद नाजुक बनी हुई है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त थार को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। स्टंटबाजी और सार्वजनिक सड़क पर इस तरह की लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की बात कही जा रही है।
