जम्मू रेलवे स्टेशन के पास शिव मार्केट में भीषण आग, 25 से 30 दुकानें जलकर राख

जम्मू रेलवे स्टेशन के पास शिव मार्केट में भीषण आग लगने से करीब 25 से 30 दुकानें जलकर राख हो गईं। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की 12 से 15 गाड़ियां जुटीं हैं।

Jammu Shiv Market Fire: जम्मू रेलवे स्टेशन के पास स्थित शिव मार्केट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से करीब 25 से 30 दुकानें जलकर राख हो गईं। जिससे दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है। प्रभावित दुकानों में ड्राई फ्रूट्स, ढाबे और कपड़ों की दुकानें शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

आग बुझाने में जुटीं दमकल की गाड़ियां

आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की करीब 12 से 15 गाड़ियां मौके पर तैनात रहीं। आग इतनी भीषण थी कि दुकानदारों को अपना सामान बचाने का मौका भी नहीं मिल सका। आग से प्रभावित एक दुकानदार ने नुकसान की भयावहता बताते हुए कहा, “पूरा बाजार राख हो गया है। कम से कम 25 से 30 दुकानें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। यह पूरी तरह से नुकसान है।” दुकानदार ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी से उबरने के लिए सभी को हिम्मत मिले, इसके लिए वे भगवान से प्रार्थना करते हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप करने और प्रभावित कारोबारियों को बिना देरी मुआवजा दिलाने की अपील भी की।

End of Feed