Balrampur Fire News: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में भीषण आग लगने की घटना में दर्जनों घर जलकर राख हो गए। साथ ही इस दुखद घटना में एक नौ महीने की मासूम की भी झुलसने से मौत हो गई। इसके अलावा दर्जनों मवेशी भी अगलगी की चपेट में आ गए। ये घटना बलरामपुर जिले के बेलीखुर्द गांव की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आग से फूस के 26 मकान राख हो गए और 77 बकरियों की जल कर मौत हो गई।
सांकेतिक फोटो। (पीटीआई)
दर्जनों मकान जलकर राख
जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार की शाम को तुलसीपुर के बेलीखुर्द गांव में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने फूस के 26 मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि इस अग्निकांड में नौ माह की बच्ची रीमा की झुलस कर मौत हो गई। जिलाधिकारी के अनुसार, आग से 77 बकरियों और एक सुअर की जलकर मौत हो गई।
सहायता राशि देने की घोषणा
वहीं, सूचना मिलने पर अग्निशमन कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जिलाधिकारी ने बताया कि मृतक बच्ची के शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि उप जिलाधिकारी को मौके पर भेजकर राजस्व टीम से, अग्निकांड से हुई क्षति का आकलन कराया जा रहा है। जल्द ही पीड़ितों को सहायता राशि दी जाएगी।
