छत्रपति संभाजीनगर में एक होटल के कमरे में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रेलवे स्टेशन इलाके के एक होटल में हुई इस घटना में वेदांतनगर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
युवती के साथ दुष्कर्म
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता 32 वर्षीय विवाहित महिला है, जो अपने पति और बच्चे के साथ शहर में रहती है और एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत है।आर्थिक तंगी के चलते उसने भोकरदन निवासी अपने एक दोस्त से पैसे मांगे थे। बुधवार रात दोनों रेलवे स्टेशन क्षेत्र में मिले और साथ में बीयर पीने का फैसला किया। इसके लिए दोस्त ने होटल में कमरा नंबर 105 बुक किया। जहां दोनों ने शराब पी। इसके बाद नशे की हालत में दोस्त सो गया। इसी दौरान रात करीब 11 बजे महिला फोन पर बात करते हुए कमरे से बाहर निकली। वापस लौटते समय वह गलती से कमरा नंबर 105 के बजाय कमरा नंबर 205 में चली गई। उस कमरे में पहले से मौजूद तीन युवक शराब पी रहे थे।
जबरदस्ती खींचकर की दरिंदगी
जैसे ही महिला को अपनी गलती का एहसास हुआ और उसने बाहर निकलने की कोशिश की, आरोपियों ने उसे जबरन कमरे में खींच लिया। पुलिस के अनुसार, तीनों ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और वारदात के बाद होटल से फरार हो गए। सुबह करीब पांच बजे महिला को होश आया, जिसके बाद उसने वेदांतनगर पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सहायक पुलिस आयुक्त सागर देशमुख और पुलिस निरीक्षक प्रविणा यादव के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शाम तक तीनों आरोपियों को अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषिकेश तुळशीराम चव्हाण (25), घनश्याम भाऊलाल राठौड़ (27) और किरण लक्ष्मण राठौड़ (26) के रूप में हुई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
